Friday, 27 July 2012

जय बोलो बेईमान की .. काका



सन १९०६ में हाथरस में जन्मे प्रभुनाथ गर्ग "काका हाथरसी" हिंदी व्यंग्य के मूर्धण्य कवि थे। उनकी शैली की छाप उनकी पीढ़ी के अन्य कवियों पर तो पड़ी ही, आज भी अनेकों लेखक और व्यंग्य कवि काका की रचनाओं की शैली अपनाकर लाखों श्रोताओं और पाठकों का मनोरंजन कर रहे हैं।

व्यंग्य का मूल उद्देश्य लेकिन मनोरंजन नहीं बल्कि समाज में व्याप्त दोषों , कुरीतियों , भ्रष्टाचार और राजनीतिक कुशासन की ओर ध्यान आकृष्ट करना है। ताकि पाठक इनको पढ़ कर बौखलाये और इनका समर्थन रोके। इस तरह से व्यंग्य लेखक सामाजिक दोषों के ख़िलाफ़ जनमत तैयार करता है और समाज सुधार की प्रक्रिया में एक अमूल्य सहयोग देता है। इस विधा के निपुण विद्वान थे काका हाथरसी, जिनकी पैनी नज़र छोटी से छोटी अव्यवस्थाओं को भी पकड़ लेती थी और बहुत ही गहरे कटाक्ष के साथ प्रस्तुत करती थी। काका हाथरसी का अविस्मरणीय योगदान उनकी सदा याद दिलायेगा।

प्रस्तुत रचना ‘जय बोलो बेईमान की’ काका की सृजन सामर्थ का बेमिसाल उदाहरण है। इस रचना की और काका की याद आज किसी कारण विशेष से ही बार बार मन मस्तिष्क में उबाल मार रही थी। तो सोचा इस भड़ास को कहा निकाले तो निकाल दी ... अपने इस चिट्ठे की 'वाल' पर ... सादर    

वास्तव में देखा जाए तो झूठ और बेईमानी, ये दोनों सिस्टर कंसर्न हैं। इनका आपस में वैसा ही संबंध है, जैसा मियाँ और जिया का पाक से, मुँह का नाम से और पोस्टमैन का डाक से। एक के बिना दूसरे का आस्तित्व ही खतरे में पड़ जाता है। श्रीमती काकी की राय थी कि ‘जय बोलो बेईमान की’, इसमें से ‘बे’ हटा दिया जाए। हमने कहा, ‘कैसे बेतुकी बातें करती है, ‘बे’ हटाने से तो बेड़ा गर्क हो जाएगा ! अगर पुलिस वाले अपनी बेरहमी में से ‘बे’ हटा दें तो बेचारे बेरोज़गार हो जाएँ। बेशरमी का ‘बे’ बटाकर क्या आज कोई नेता जीवित रह सकता है ? मिस बेनजीर में यदि ‘बे’ नहीं होता तो शिमला में ऐसे हल्ले होते उनके् ? सैकड़ों नजीर’ घूमते हैं, कौन पूछता है बेचारों को ! ‘कहा तक कहें जी ! बेशुमार बातें ऐसी हैं, जिनमें ‘बे’ का बेहिसाब, बेमिलास महत्त्व है। बेगम का ‘बे’ हटाया तो ‘गम’ रह गया। इसलिए बेकार की बातें छोड़ों, ‘बे’ से नाता जोड़ो। हम इसमें से ‘बे’ हटाने की बेवकूफी नहीं करेंगे। अच्छा, तुम्हीं बताओ, बेटी-बेटी के ‘बे’ हट जाएँ तो रह जाएँगे न सिर्फ ‘अ-टी’, बोलो न काकी ?’

हमारे इस बेहद प्रभावशाली भाषण से उनका संशोधन गिर गया, मौन समर्थन मिल गया। 

'इसी पुस्तक के अंश'

मन, मैला, तन ऊजरा, भाषण लच्छेदार,
ऊपर सत्याचार है, भीतर भ्रष्टाचार।
झूटों के घर पंडित बाँचें, कथा सत्य भगवान की,
जय बोलो बेईमान की !
प्रजातंत्र के पेड़ पर, कौआ करें किलोल, 
टेप-रिकार्डर में भरे, चमगादड़ के बोल। 
नित्य नई योजना बन रहीं, जन-जन के कल्याण की, 
जय बोल बेईमान की !
महँगाई ने कर दिए, राशन-कारड फेस 
पंख लगाकर उड़ गए, चीनी-मिट्टी तेल।
‘क्यू’ में धक्का मार किवाड़ें बंद हुई दूकान की, 
जय बोल बेईमान की !
डाक-तार संचार का ‘प्रगति’ कर रहा काम, 
कछुआ की गति चल रहे, लैटर-टेलीग्राम। 
धीरे काम करो, तब होगी उन्नति हिंदुस्तान की, 
जय बोलो बेईमान की !
दिन-दिन बढ़ता जा रहा काले घन का जोर, 
डार-डार सरकार है, पात-पात करचोर। 
नहीं सफल होने दें कोई युक्ति चचा ईमान की, 
जय बोलो बेईमान की !
चैक केश कर बैंक से, लाया ठेकेदार, 
आज बनाया पुल नया, कल पड़ गई दरार।
बाँकी झाँकी कर लो काकी, फाइव ईयर प्लान की, 
जय बोलो बईमान की !
वेतन लेने को खड़े प्रोफेसर जगदीश, 
छहसौ पर दस्तखत किए, मिले चार सौ बीस। 
मन ही मन कर रहे कल्पना शेष रकम के दान की, 
जय बोलो बईमान की !
खड़े ट्रेन में चल रहे, कक्का धक्का खायँ, 
दस रुपए की भेंट में, थ्री टायर मिल जायँ। 
हर स्टेशन पर हो पूजा श्री टी.टी. भगवान की, 
जय बोलो बईमान की !
बेकारी औ’ भुखमरी, महँगाई घनघोर, 
घिसे-पिटे ये शब्द हैं, बंद कीजिए शोर। 
अभी जरूरत है जनता के त्याग और बलिदान की, 
जय बोलो बईमान की !
मिल-मालिक से मिल गए नेता नमकहलाल, 
मंत्र पढ़ दिया कान में, खत्म हुई हड़ताल। 
पत्र-पुष्प से पाकिट भर दी, श्रमिकों के शैतान की, 
जय बोलो बईमान की !
न्याय और अन्याय का, नोट करो जिफरेंस, 
जिसकी लाठी बलवती, हाँक ले गया भैंस। 
निर्बल धक्के खाएँ, तूती होल रही बलवान की, 
जय बोलो बईमान की !
पर-उपकारी भावना, पेशकार से सीख, 
दस रुपए के नोट में बदल गई तारीख। 
खाल खिंच रही न्यायालय में, सत्य-धर्म-ईमान की, 
जय बोलो बईमान की !
नेता जी की कार से, कुचल गया मजदूर, 
बीच सड़कर पर मर गया, हुई गरीबी दूर। 
गाड़ी को ले गए भगाकर, जय हो कृपानिधान की, 
जय बोलो बईमान की !

Thursday, 26 July 2012

अध्यात्म की दुकान



मेरे देश की धरती सोना उगले उगले हीरे मोती...." कितना गर्व होता था इस गाने को सुनकर अपने देश पर।  लेकिन अब ये सच्चाई नहीं है अब तो इस देश की धरती पर भी बेईमान और धोखेबाज़ पैदा हो रहे हैं। बेहद बेशर्म और निर्लज्ज। अल सुबह एक पुराने बाल सखा का आगमन निसंदेह विस्मयकारी था, औपचारिक अभिवादन के पश्चात मित्र की यात्रा के प्रायोजन पर चर्चा ने लिखने के लिए विवश कर दिया। चर्चा की शुरूआत मैंने की और सवाल दागा .. अरे आज अचानक ..रास्ता भूल गए क्या ? तो मित्र ने कहा ..अरे नहीं 'बाबा' कुछ विचार है मन में सो सोचा चलो तुमसे मुलाकात की जाये, प्रतिउत्तर मैंने कहा जी जरूर.. बताओं दोस्त क्या विचार है।

यार सोच रहा हूँ कुछ नया व्यापार शुरू करा जाएँ, पर क्या करूँ हर धंधे में जोखिम बहुत है और डालर-रुपियाँ की रोज रोज की नुरा कुश्ती, समय, मेहनत, और पैसा सब लगाने के बाद भी सफलता की गारंटी नहीं है।  सो तो है मैंने भी सहमती जताते हुयें कहा .. पर क्या किया जा सकता है। आज के समय में ऐसा कौन सा व्यापार करें जिसमे.. हिंग लगे ना फिटकरी और रंग पाए चौखा ? अचानक मित्र की आँखों की चमक ने मुझे विवश किया अगले सवाल के लिए मैंने फिर पूछा.. क्या तुम्हारे पास कोई प्लान है क्या ? जबाब पाकर.. मैं स्तब्ध.. मौन.. निशब्द...!!  मित्र ने कहा की हाँ पक्का फूल प्रूफ सॉलिड आईडिया है.. अगर तुम साथ दो तो.. हम अपना धर्म का व्यापार करेंगे, तुम मार्केटिंग लाईन से हो सो तुम मार्केटिंग हेड बन जाना.. मैं प्रवचन और बाकी का प्रबंध देख लूँगा अगर संभव हुआ तो कुछ एक मित्रो को और शामिल कर लेंगे।

अध्यात्म की मंडी में बहुत फील-गुड चल रहा है, अच्छा खासा अरबो खरबों का व्यापार है सबसे बड़ी बात तो यह की कोई टैक्स नहीं, कोई छापा नहीं, बे रोक टोक खूब कमाओं कही भी जाओं कभी भी आओं और हर राज्य के राजगुरु बन जायो, धीरे धीरे नेशनल फिर मल्टीनेशनल अध्यात्म गुरु बन जाओं। वैसे भी वर्तमान में अध्यात्म के शेयर मार्केट में पूछ परख सिर्फ उन्ही अध्यात्म-कंपनियों के शेयरों की है जिनके पंडालों में एयरकंडीशनर लगे हुए हैं। प्रवचनों के साथ साथ  समोसा, कोला मुफ्त परोसा जाता हों साथ में परंपरागत चिलम के साथ गुटका एवं भांग की गटक गोली का आनंद ही कुछ अलग है। कही कही भोजन भी पसंद का मिल जाता है।

अपनी दुकानदारी के जमते ही फिर शुरू करेंगे असली व्यापार आटा, दाल, चावल, नमक, जैम, जेली, च्यवनप्राश, फिनायल, तेल, साबुन, महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन, दवाईयाँ और भी बहुत कुछ आयत कर बेचेंगे, कोई मोल भाव नहीं, स्वदेशी और आयुर्वेद का सहारा लेकर खूब माल पेलेंगे। हर शहर हर गाँव में अपनी दुकाने खोलेंगे देखते देखते साईकिल से प्रायवेट जेट तक पहुचेंगे, कुछ एक ट्रस्ट बनाकर आश्रम रूपी होटल और काँटेज बना लेंगे, कुछ सरकारी और कुछ भक्तों की जमीनों पर कब्ज़ा भी कर लेंगे और फिर अपने कारखाने ड़ाल देंगे।


सोचकर जबाब देना... कोई जल्दी नहीं है।


विशेष: मेरा यह लेख धर्म को व्यापार बना अधर्म की दूकान चलाने वालों पर केन्द्रित है, किसी व्यक्ति विशेष, धर्म पर टिप्पणी करना उद्देश्य नहीं है।  

Tuesday, 24 July 2012

कवि कुल किरीट गोस्वामी तुलसीदास


कवि कुल किरीट गोस्वामी तुलसीदास जी की जयन्ती पर  शत शत नमन ...

श्रीमद भागवत एवं रामचरितमानस ग्रंथ भारतीय जन मानस को सबसे अधिक प्रभावित करने वाले ग्रंथ है, ये दोनों ग्रंथ ही सर्वाधिक लोकप्रिय रहे हैं, राम भक्ति शाखा के शिरोमणि तुलसी दास जी रामचरितमानस ग्रंथ के रचियता कहे जाते हैं। जिसके तन और मन में राम हों वही ऐसे भक्ति रस से परिपूर्ण ग्रंथ रचना कर सकता है। तुलसीदास जी ऐसे ही व्यक्ति थे, गुरु ने बचपन में ही उनका नाम "रामबोला" रख दिया था।  

तुलसीदास जी का जन्म संवत 1554 श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी के दिन उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के राजपुर गाँव में हुआ, इनके पिता का नाम आत्माराम दुबे तथा माता का नाम तुलसी था, जन्म के समय ही आपकी शारीरिक देह पांच वर्ष के बालक जैसी थी, सामान्यता प्रत्येक बच्चा रोते हुए जन्म लेता है परन्तु इस विलक्षण बालक ने रोने की बजाए "राम" शब्द का उच्चारण किया था। कहा जाता है कि जन्म के समय इनके मुख में पूरे बत्तीस दांत थे।

इस विचित्र बालक की विलक्षणता को लेकर माता-पिता को अनिष्ट की आशंका हुई, उन्होंने तब अपने बालक को अपनी सेविका चुनिया को सोंप दिया, वह उसे अपने ससुराल ले गई, जब तुलसीदास जी साढे पांच वर्ष के हुए तो चुनिया इस संसार को छोड़ के चली गई, तब इस बालक पर अनंतानंद जी के शिष्य नरहरि आनन्द की दृष्टि पड़ी, वह तुलसीदास जी को अपने साथ अयोध्या ले गए, उन्होंने ही उनका नाम रामबोला रखा, तुलसीदास जी का विवाह रत्नावली जी से हुआ। 

तुलसीदास जी अपनी पत्नी से बहुत प्रेम करते थे, वह अपनी पत्नी से बिछोह एक दिन के लिए भी सहन नहीं कर सकते थे, एक बार उनकी पत्नी उनको बताए बिना मायके आ गई, तुलसीदास जी उसी रात छिपकर ससुराल पहुँच गए, इससे उनकी पत्नी को बहुत शर्म महसूस हुई, वह तुलसीदास जी से कहने लगी...

लाज न लागत आपको, दौरे आयहु साथ 
धिक-धिक ऐसे प्रेम को कहाँ कहहुं मे नाथ 
अस्थि चर्ममय देह मम, तामे ऐसी प्रीती 
तैसी जो श्रीराम मे, छेती न तो भव भीती 

"मेरा शरीर तो हाड-मास का पुतला है, जितना तुम इस शरीर से प्रेम करते हो यदि उससे आधा भी भगवान श्री राम जी से करोगे तो इस संसार के माया जाल से मुक्त हो जाओगे, तुम्हारा नाम अमर हो जाएगा"

तुलसीदास के मन पर इस बात का गहरा प्रभाव पड़ा, वह उसी क्षण वहाँ से निकाल पड़े और अपना सब कुछ छोडकर भारत के तीर्थ स्थलों के दर्शन को चल दिए। कहते हैं कि हनुमान जी की कृपा से उन्हें भगवान राम जी के दर्शन हुए और उसके बाद उन्होंने अपना सारा जीवन राम जी की महिमा में लगा दिया।

तुलसीदास जी का काव्य लेखन केवल रामचरितमानस तक ही सीमित न रहा, इन्होने कवितावली, दोहावली, गीतावली व विनय पत्रिका जैसी रचनाएँ भी लिखी हैं। तुलसीदास जी ने बारह पुस्तकें लिखी जिसमे रामचरितमानस प्रमुख है। इन्ही को बाल्मीकि का अवतार माना जाता है जिन्होंने संस्कृत में रामायण लिखी थी। 

इनका लेखन अवधी व ब्रज भाषा दोनों में मिलता है। जन मानस को अधिक प्रभावित करने वाला ग्रंथ रामचरितमानस की रचना लोक भाषा में हुई है। उस काल में प्रचलित दोहा, चौपाई, कविता व सवैया और पद लेखन की गीति शैली को भी अपनाया गया।

उनके दिव्य योगदान को नमन करते हुए स्मरण स्वरूप ही, यहाँ उनकी प्रमुख कृतियों का सारभूत परिचय प्रस्तुत है.

१. रामलला नहछू
बारात के पहले लग्न मंडप में माँ, वर को नहला धुलाकर
गोद में लेकर बैठती है और नाइन पैर के नखों को महावर
के रंग से रंगती है, इस रीत को नहछू कहते हैं। सोहर छंद में
लिखी गई इस रचना की भाषा पूर्वी अवधी है।

२. वैराग्य-संदीपनी
दोहों में लिखी गई इस रचना में सदाचार, सत्संग, वैराग्य
इत्यादि के माध्यम से भक्ति का मार्ग बताया गया है।भाषा
अवधी है।

३. बरवै रामायण
सात कांडों में विभाजित यह रचना राम कथा से संबंधित है।
बरवै छंद मुक्तक रूप में प्रयुक्त है। भाषा अवधी है।

४. पार्वती-मंगल
जगदम्बा पार्वती की तपस्या, शिव-पार्वती विवाह,बारात,विदाई
इत्यादि प्रसंगों का सुंदर वर्णन। मंगल और हरि गीतिका छंदों
का प्रयोग किया गया है। कथा, कुमार सम्भव पर आधारित है।
भाषा पूरबी अवधी है।

५. जानकी-मंगल
जानकी जी के विवाह का वर्णन है। स्वयंवर प्रसंग से अयोध्या
में आनंदोत्सव तक विस्तृत है। वाल्मीकि रामायण का प्रभाव।
इसकी भाषा भी अवधी है।

६. रामाज्ञा-प्रश्न
इसमें सात सर्ग हैं। प्रत्येक सर्ग में सात सप्तक हैं। प्रत्येक सप्तक
में सात दोहे हैं। प्रारंभ में शकुन -विचार विधि का उल्लेख है।
भाषा अवधी है।

७. दोहावली
शुद्ध मुक्तक रचना। समाज,धर्म,व्यक्ति,भक्ति,राजनीति,ज्योतिष,
आचार-व्यवहार,राज्य-आदर्श इत्यादि विषयों पर दोहे रचे गए हैं।
भाषा अवधी है।

८. कवितावली
इसमें कवित्त,घनाक्षरी,छप्पय,सवैया आदि छंदों का समावेश है।
सात कांड है। ब्रज भाषा है।

९. हनुमान बाहुक
कवितावली का एक अंश। बाहु पीड़ा और अन्य पीड़ाओं का
निवेदन हनुमान जी तथा अन्य देवताओं से किया गया है। भाषा
अवधी है।

१०. कृष्ण-गीतावली
श्री कृष्ण के जीवन से संबंधित पद हैं। भाषा ब्रज है।

११. विनय-पत्रिका
राग-रागिनियों पर आधारित गीति काव्य है। भाषा ब्रज है।

१२. रामचरितमानस
सात कांडों में विभक्त है। दोहे,चौपाई,सोरठा तथा विभिन्न
मात्रिक एवं वार्णिक छंदों का उपयोग किया गया है। भाषा
भाषा पूर्वी-पंचोही अवधी.

जय श्री राम ...

Monday, 2 July 2012

मुण्डन


सामाजिक विसंगतियो के प्रति गहरा सरोकार रखने वाला ही लेखक सच्चा व्यंगकार हो सकता है। ऐसे ही एक महान व हमारे प्रेरणा पुरुष, आधुनिक हिन्दी साहित्य के प्रसिद्ध व्यंग लेखक श्री हरिशंकर परसाई जी को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शत शत नमन । 
श्री परसाई जी मुख्य रूप से व्यंग लेखक है। हिन्दी में व्यंग लेखन कम हुआ है पर परसाई जी ने इस अभाव की पूर्ति की है और उनका यह कार्य अनुपम और अनूठा है। 

श्री परसाई जी मुख्यतः व्यंग -लेखक है,पर उनका व्यंग केवल मनोरंजन के लिए नही है। उन्होंने अपने व्यंग के द्वारा बार-बार पाठको का ध्यान व्यक्ति और समाज की उन कमजोरियों और विसंगतियो की ओर आकृष्ट किया है जो हमारे जीवन को दूभर बना रही है। उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं शोषण पर करारा व्यंग किया है जो हिन्दी व्यंग -साहित्य में अनूठा है। परसाई जी अपने लेखन को एक सामाजिक कर्म के रूप में परिभाषित करते है। उनकी मान्यता है कि सामाजिक अनुभव के बिना सच्चा और वास्तविक साहित्य लिखा ही नही जा सकता ।

प्रस्तुत लेख में श्री परसाई जी ने राजनीतिक जीवन में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं शोषण पर करारा व्यंग किया है, जो की उनकी दूरदर्शिता का भी परिचायक प्रतीत होता है, श्री परसाई जी ने हिन्दी साहित्य में व्यंग विधा को एक नई पहचान दी और उसे एक अलग रूप प्रदान किया ,इसके लिए हिन्दी साहित्य उनका हमेशा ऋणी रहेगा।

मुण्डन


किसी देश की संसद में एक दिन बड़ी हलचल मची। हलचल का कारण कोई राजनीतिक समस्या नहीं थी, बल्कि यह था कि एक मंत्री का अचानक मुण्डन हो गया था। कल तक उनके सिर पर लंबे घुंघराले बाल थे, मगर रात में उनका अचानक मुण्डन हो गया था।

सदस्यों में कानाफूसी हो रही थी कि इन्हें क्या हो गया है। अटकलें लगने लगीं। किसी ने कहा- शायद सिर में जूं हो गयी हों। दूसरे ने कहा- शायद दिमाग में विचार भरने के लिए बालों का पर्दा अलग कर दिया हो। किसी और ने कहा- शायद इनके परिवार में किसी की मौत हो गयी। पर वे पहले की तरह प्रसन्न लग रहे थे।

आखिर एक सदस्य ने पूछा- अध्यक्ष महोदय! क्या मैं जान सकता हूं कि माननीय मंत्री महोदय के परिवार में क्या किसी की मृत्यु हो गयी है?

मंत्री ने जवाब दिया- नहीं।

सदस्यों ने अटकल लगायी कि कहीं उन लोगों ने ही तो मंत्री का मुण्डन नहीं कर दिया, जिनके खिलाफ वे बिल पेश करने का इरादा कर रहे थे।

एक सदस्य ने पूछा- अध्यक्ष महोदय! क्या माननीय मंत्री को मालूम है कि उनका मुण्डन हो गया है? यदि हां, तो क्या वे बतायेंगे कि उनका मुण्डन किसने कर दिया है?

मंत्री ने संजीदगी से जवाब दिया- मैं नहीं कह सकता कि मेरा मुण्डन हुआ है या नहीं!

कई सदस्य चिल्लाये- हुआ है! सबको दिख रहा है।

मंत्री ने कहा- सबको दिखने से कुछ नहीं होता। सरकार को दिखना चाहिए। सरकार इस बात की जांच करेगी कि मेरा मुण्डन हुआ है या नहीं।

एक सदस्य ने कहा- इसकी जांच अभी हो सकती है। मंत्री महोदय अपना हाथ सिर पर फेरकर देख लें।

मंत्री ने जवाब दिया- मैं अपना हाथ सिर पर फेरकर हर्गिज नहीं देखूंगा। सरकार इस मामले में जल्दबाजी नहीं करती। मगर मैं वायदा करता हूं कि मेरी सरकार इस बात की विस्तृत जांच करवाकर सारे तथ्य सदन के सामने पेश करेगी।

सदस्य चिल्लाये- इसकी जांच की क्या जरूरत है? सिर आपका है और हाथ भी आपके हैं। अपने ही हाथ को सिर पर फेरने में मंत्री महोदय को क्या आपत्ति है?

मंत्री बोले- मैं सदस्यों से सहमत हूं कि सिर मेरा है और हाथ भी मेरे हैं। मगर हमारे हाथ परंपराओं और नीतियों से बंधे हैं। मैं अपने सिर पर हाथ फेरने के लिए स्वतंत्र नहीं हूं। सरकार की एक नियमित कार्यप्रणाली होती है। विरोधी सदस्यों के दबाव में आकर मैं उस प्रणाली को भंग नहीं कर सकता। मैं सदन में इस संबंध में एक वक्तव्य दूंगा।

शाम को मंत्री महोदय ने सदन में वक्तव्य दिया-अध्यक्ष महोदय! सदन में ये प्रश्न उठाया गया कि मेरा मुण्डन हुआ है या नहीं? यदि हुआ है तो किसने किया है? ये प्रश्न बहुत जटिल हैं। और इस पर सरकार जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं दे सकती। मैं नहीं कह सकता कि मेरा मुण्डन हुआ है या नहीं। जब तक जांच पूरी न हो जाए, सरकार इस संबंध में कुछ नहीं कह सकती। हमारी सरकार तीन व्यक्तियों की एक जांच समिति नियुक्त करती है, जो इस बात की जांच करेगी। जांच समिति की रिपोर्ट मैं सदन में पेश करूंगा।

सदस्यों ने कहा- यह मामला कुतुब मीनार का नहीं जो सदियों जांच के लिए खड़ी रहेगी। यह आपके बालों का मामला है, जो बढ़ते और कटने रहते हैं। इसका निर्णय तुरंत होना चाहिए।

मंत्री ने जवाब दिया- कुतुब मीनार से हमारे बालों की तुलना करके उनका अपमान करने का अधिकार सदस्यों को नहीं है। जहां तक मूल समस्या का संबंध है, सरकार जांच के पहले कुछ नहीं कह सकती।

जांच समिति सालों जांच करती रही। इधर मंत्री के सिर पर बाला बढ़ते रहे।

एक दिन मंत्री ने जांच समिति की रिपोर्ट सदन के सामने रख दी।

जांच समिति का निर्णय था कि मंत्री का मुण्डन नहीं हुआ था।

सत्ताधारी दल के सदस्यों ने इसका स्वागत हर्ष-ध्वनि से किया।

सदन के दूसरे भाग से ‘शर्म-शर्म’ की आवाजें उठीं। एतराज उठे- यह एकदम झूठ है। मंत्री का मुण्डन हुआ था।

मंत्री मुस्कुराते हुए उठे और बोले- यह आपका ख्याल हो सकता है। मगर प्रमाण तो चाहिए। आज भी अगर आप प्रमाण दे दें तो मैं आपकी बात मान लेता हूं।

ऐसा कहकर उन्होंने अपने घुंघराले बालों पर हाथ फेरा और सदन दूसरे मसले सुलझाने में व्यस्त हो गया।