Thursday, 9 August 2012

यदा-यदा ही धर्मस्य:

यदा-यदा ही धर्मस्य:,ग्लानिर्भवतिभारत: अभ्युत्थानमअधर्मस्य,तदात्मानमसृजाम्यहम:


परित्राणाय साधुना विनाशाय च दुशाकृताम धर्मं संस्थापनार्थाय संभवामि युगे युगे 




यदुनंदन, कृष्ण, माधव, गोपाल, मुरलीवाला, गोवर्धनधारी, नंदलाल, बृजकिशोर, माखनचोर, केशव, देवकीनंदन, मुरलीमनोहर ऐसे नाना प्रकार के नामों से पुकारे जाने वाले राधाप्रिय-कृष्ण की जन्माष्टमी पर ढेर सारी शुभकामनाए।

पाप और शोक के दावानल को दग्ध करने हेतु, भारत की इस पावन धरा पर स्वयं भगवान विष्णु अपनी सोलह कलाओं के साथ भगवान श्रीकृष्ण के रूप में भाद्रपद माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मध्यरात्रि को रोहिणी नक्षत्र में अवतरित हुए । भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव के रूप में ही हम इस पावन दिवस को महापर्व जन्माष्टमी के रूप में मनाते हैं। पौराणिक कथानुसार जब भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ उस समय आकाश में घना अंधकार छाया हुआ था, घनघोर वर्षा हो रही थी, उनके माता-पिता वसुदेव-देवकी बेडियों में बंधे थे, लेकिन प्रभु की कृपा से बेडियों के साथ-साथ कारागार के द्वार स्वयं ही खुल गये, पहरेदार गहरी नींद में सो गये और वसुदेव श्रीकृष्ण को उफनती यमुना के पार गोकुल में अपने मित्र नंदगोप के घर ले गये और नंद की पत्नी यशोदा के गर्भ से उत्पन्न कन्या को लेकर वापस कारागार आ गये। नंदगोपाल के जन्म स्थान मथुरा सहित पूरे भारत वर्ष में यह महापर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। देश के कई भागों में मटकी फोडने का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाता है, जिसकी सुन्दरता और सौम्यता भक्तों के दिलों में भगवान श्रीकृष्ण की यादों को ताजा कर देती है। 

कृष्ण - जन्माष्टमी पर बहुत सारे आयोजन होंगे, एक बार फिर मटकी तोड़ने को जाने कितने लोग मस्ती में भरकर शरारते करेंगे………गोविंदा आला रे……….की धूम होगी,राधा-कृष्ण का पावन प्रेम जिसमे एक रंग होने की बात है। वो ऐसे मिलते हैं कि राधा और कृष्ण को अलग कर पाना मुश्किल लगता है, आज के इस युग में जहाँ कृष्ण का रूप धर लोग रास तो रचाते हैं पर प्यार कि उस गहराई को नहीं समझना चाहते। कन्हैया के जीवन में राधा का स्थान सर्वोपरि था, रुक्मिणी, सत्यभामा उस स्थान को न ले सकी। कन्हैया का बाल रूप जहाँ सूर के मन में बसा, वही रसखान, बिहारी ने अन्य पक्षों को उजागर किया। सुदामा के साथ उनकी मित्रता जगजाहिर है, धन को मित्रता के बीच वो नहीं आने देते। अपने भक्तों कि एक पुकार पे वो दौड़े आ जाते हैं, द्रौपदी की लाज को बचाने के लिए वो तुरंत पहुँच गए। कूटनीति में उनके जैसा कोई नहीं, कर्मवादी कृष्ण अर्जुन को मोह त्याग कर गीता का जो उपदेश देते हैं, वो हम सबको कर्म की प्रेरणा देता है।



कृष्ण के हर रूप की पूजा की जाती है, जब तक ये संसार है उनकी कही बातों से हम सब सीखते रहेंगे, जब-जब धर्म की हानि होगी कृष्ण जनम लेते रहेंगे, जब कभी मोह-पाश में हम बंधेगे कृष्ण की कही बातें राह दिखाएंगी।





।। जय श्री कृष्णा ।। 

Monday, 6 August 2012

ब्लॉगवाणी - आडवाणी


ख़बरों में बना रहना आजकल फितरत सी बन गई है प्रसिद्ध या नामी लोगो के बीच कौन कितना बड़ा और कैसा कैसा बोल वचन बम फोड़ता है इस बात को लेकर होड़ सी मची है.. फिर वो चाहे राखी सावंत हो या पूनम पाण्डेय जैसी अभिनेत्री या आमिर खान, अमिताभ बच्चन, सुनील शेट्टी और तो और रवि किशन जैसे अभिनेता या फिर रामगोपाल वर्मा के समान फ़िल्म निर्देशक या किरण बेदी, अरविन्द केजरीवाल के समान राजनीति के नवागत नेता, या फिर लालकृष्ण आडवाणी जी के समान वरिष्ठ और वयोवृद्ध नेता।


फेसबुक, ट्विटर हो या ब्लॉग जगत आजकल रोज़ कुछ नया पढ़ने और देखने को मिलता है.. दुनिया के किसी भी हिस्से से लेकर देश के छोटे से छोटे कस्बे अथवा ग्राम का साधारण सा व्यक्ति भी आजकल इन्टरनेट के माध्यम से इन शोशल वेबसाइटों पर मौजूद है। इस बात का फायदा और मौके की नजाकत को देखते हुए अपने शब्द बाणों का भरपूर इस्तेमाल करते हुए आजकल सभी लोग कुछ ना कुछ आग लगाते ही रहते है। इनकी आड़ में कभी कभी हमारे जैसे अनजान और छोटे मोटे से कलम पुजारी भी अपनी कलम का एक आधा दावं चला देते है।


अब इतने लाखो-अरबों की संख्या में मौजूद उपयोगकर्ताओं तक अपनी बात को पहुँचाना हो तो कुछ न कुछ सनसनीख़ेज मसाला तो डालना ही पड़ता है। अगर इस बात से विवाद खड़ा हो जाये तो दोगुना प्रचार भी मिल जाता है। और अगर बात आर पार तक पहुँच जाये तो कभी भी विवादित टिपण्णी, तस्वीर अथवा कथन को सम्पादित करने का सर्व अधिकार तो होता ही है अपने पास।


वैसे आडवाणी जी को धन्यवाद देना चाहिए कि आखिर उनकी समझ में आ गया कि देश की जनता उनकी पार्टी से खुश नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी अपने नेतृत्व से खुश नहीं हैं। पार्टी में नेतृत्व का मतलब नितिन गडकरी, वैंकेया नायडू, अनंत कुमार, सुषमा स्वराज एवं अरुण जेटली तक ही सिमित होकर रह गया हैं। इसमें जसवंत सिंह, यशवंत सिन्हा और तो और श्री लालकृष्ण आडवाणी का नाम तो बिल्कुल भी शामिल नहीं है। इस बात से से आडवाणी जी कभी खुश नहीं हो सकते, पर अफसोस इस बात का है कि आडवाणी जी को यह सत्य प्रतीति उस समय हुई, जब उन्हें बूढ़ा शेर मानकर एक किनारे कर दिया गया और उनकी बात पार्टी में न कोई सुनता है और न कोई सुनना चाहता है। ऐसी स्थिति आने के बाद आडवाणी जी को अपनी बात कहने के लिए ब्लॉग का सहारा लेना पड़ा। यह भारतीय राजनीति की महानतम विडंबनाओं में से एक है।


गत दो दिवस से भारत के साथ साथ दुनिया के अधिकतर देशों में भाजपा के वरिष्ठ और वयोवृद्ध नेता श्री लालकृष्ण आडवाणी का अपने ब्लॉग पर लिखा गया एक बयान / कथन चर्चा में है। हालाँकि आडवाणी जी ने अपने ब्लॉग में ऐसी तो कोई विवादस्पद बात तो नहीं लिखी है जिसके कारण देश में भूचाल आ जाये पर उनके शब्द बाणों की गंभीरता और तीक्ष्णता ने देश की राजनीतिक हलकों में सनसनी जरूर मचा दी है। आडवाणी जी का शायद संघ से भी मोहभंग हो गया है, अन्यथा वह यह ब्लॉग नहीं लिखते, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी में एक अघोषित अनुशासन की परंपरा रही है, लेकिन जब पार्टी का सर्वोच्च नेता ही स्वयं को अनुशासन के दायरे से बाहर ले जाए तो यह मानना चाहिए कि पार्टी में प्रधानमंत्री पद के लिए एक नया अघोषित या घोषित युद्ध छिड़ने वाला है। 


श्री आडवाणी ने लिखा है की एक पखवाड़े पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने निर्वतमान राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल के सम्मान में रात्रिभोज दिया था। यह कार्यक्रम हैदराबाद हाउस में सम्पन्न हुआ। इसी रात्रिभोज के शुरु होने से पूर्व दो वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुई अनौपचारिक चर्चा के बाद मेरे अपने विचार हैं कि :



  • पिछले ढाई दशकों में राष्ट्रीय राजनीति का जो स्वरुप बना है उसमें यह प्रत्यक्षत: असंभव है कि नई दिल्ली में कोई ऐसी सरकार बन पाए जिसे या तो कांग्रेस अथवा भाजपा का समर्थन न हो। इसलिए तीसरे मोर्चे की सरकार की कोई संभावना नहीं है।


  • हालांकि एक गैर-कांग्रेसी, गैर-भाजपाई प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार जिसे इन दोनों प्रमुख दलों में से किसी एक का समर्थन हो, बनना संभव है। ऐसा अतीत में भी हो चुका है। लेकिन, चौ. चरण सिंह, चन्द्रशेखरजी, देवेगौड़ाजी और इन्द्र कुमार गुजरालजी के प्रधानमंत्रित्व वाली सरकारें (सभी कांग्रेस समर्थित) और विश्वनाथ प्रताप सिंह (भाजपा समर्थित) सरकार के उदाहरणों से स्पष्ट है कि ऐसी सरकारें ज्यादा नहीं टिक पातीं।



आगे उन्होंने लिखा है की भविष्यवक्ता यह नहीं जानना चाहते कि किसने यह भविष्यवाणी की है कि यह पहली बार होगा कि कांग्रेस पार्टी का स्कोर मात्र दो अंकों तक सिमट कर रह जाएगा यानी कि सौ से भी कम ! इस प्रकार का कथन लिख एक और श्री आडवाणी ने संघ और भाजपा को मेनेज करने की कोशिश की है वही दूसरी और भाजपा को भी यह बात कर्नाटक की गड़बड़ी और उठा-पटक का जिक्र करते हुए और गत वर्षों के परिणामों पर एक तुलनात्मक चार्ट के जरियें बड़े ही सधे तरीके से जतला दी है।


भारतीय राजनीति के सबसे विद्वान, वरिष्ठ और वयोवृद्ध नेता श्री लालकृष्ण आडवाणी का यह कथन और ब्लॉग पोस्ट; समय की नज़ाकत को देखते हुयें अपने शब्दों से घर और बाहर के दुश्मन दोस्तों पर अचूक प्रहार का एक शानदार और अद्वितीय उदाहरण है। प्रधानमंत्री ना बन पाने की कसक भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को कितना सताती है, इसकी बानगी आडवाणी जी कई बार दिखा चुके हैं, लेकिन उनकी इस कसक ने इस बार फिर भाजपा को हैरान-परेशान कर दिया है। आडवाणी की भविष्यवाणी ने एक तरफ जहां विपक्षियों को मुंह खोलने का मौका दे दिया है तो दूसरी ओर अचंभित भाजपा नेता मुंह खोलने से कतराने लगे है। वहीं, आगामी लोक सभा चुनाव में एनडीए घटक दल जद यू के तीर से घायल भाजपा अध्यक्ष नितिन गड़करी अभी नरेन्द्र मोदी के मसले पर एकमत नहीं हो सके थे कि आडवाणी जी की पुरानी कसक ने भाजपा को फिर उलझा दिया है।

Sunday, 5 August 2012

हे राम.. ये कैसा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान..!!


प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता अथवा स्वाधीनता दिवस के आते ही अचानक ही सरकारी और जनता को जबाबदेह (अपनी इच्छा से) लोगों के मन में देश के स्वतंत्रता संग्राम में शहीद और सहयोगी सेनानियों के प्रति अभूतपूर्व सम्मान की अलख प्रज्ज्वलित हो जाती है। इतना सम्मान और दिखावा की आपकी आँखे सहज ही  नम हो जाये। 


आज का आलेख ऐसे ही लोगो को समर्पित है। इस आशा के साथ की .. हे हमारे कर्ता-धर्ता कुछ भी करो पर हमारे स्वतंत्रता संग्राम में शहीद और सहयोगी सेनानियों का ऐसा अपमान मत होने दो की हमारे साथ साथ आने वाली पीढ़ी भी आपको धिक्कारे। 


विडम्बंना है कि आज भारत वर्ष अपनी आजादी / स्वतंत्रता दिवस की 65 वीं वर्षगाठ के अवसर पर देश भर मे बड़े बड़े कार्यक्रम कर देश के उन महान सपूतों को अपनी श्रधांजलि और संवेदनायें अर्पित करने की तैयारी रहा है और बड़े बड़े आयोजन किये जा रहे है । किन्‍तु एक जगह ऐसी भी है ज‍हाँ स्‍वतत्रंता संग्राम सेनानियो को अपमानित करने मे कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। दुःख इस लिए भी दोगुना हो जाता है की यह सब मध्य प्रदेश के उस 'हरदा' शहर में हो रहा है जिस शहर को कभी महात्मा गाँधी ने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान के लिए खुद हाज़िर होकर धन्यवाद दिया था। और साथ साथ उस स्थान पर जिसे हम पाठशाला / विद्यालय आदि नामों से मंडित करते है , अपनी आने वाली पीढ़ी को शिक्षित और देशहित में कार्य करने हेतु प्रशिक्षित करने हेतु भेजते है ।


आज एक खबर के सिलसिले में अपने शहर 'हरदा' के एक क्षेत्र में था, अचानक ही मन हुआ अपने बाल्यकाल के उस ग्राउंड का मुआयना किया जाये जिस पर खेलते खेलते कई वर्ष बितायें जिसे समस्त हरदावासी "मिडिल स्कुल ग्राउंड" के नाम से जानते है। पर प्रवेश द्वार के नजदीक ही और प्रत्येक आगुन्तक को हरदा के स्‍वतत्रंता संग्राम में योगदान से अवगत कराने एवं उन महान सेनानियों के प्रति शहरवासियों की कृतज्ञता दर्शाने के उद्देश्य से एक स्मारक का निर्माण आजादी के बाद कराया गया था, पूर्व में इसी स्थान पर प्रत्येक वर्ष झंडा वंदन का कार्यकम आयोजित भी होता था। इस स्थान का वर्तमान हाल देखकर किसी का भी मन भर आयें जाहे वो इस देश का वासी ना भी हो इतनी दुर्गति देख आगे बड़ने का ना तो मन किया और ना ही साहस हुआ और भी विभीषिका देखने का।


वीर शहीदों का ऐसा अपमान शायद पुरे देश में अपने आपमें सबसे दुर्लभ और एक ही होगा, उस स्थान   को जिसे उन वीर शहीदों के सम्मान के लिए बनाया गया था आज एक अघोषित मूत्रालय मात्र बन कर रह गया है। इससे तो बेहतर होता की उस स्थान पर सार्वजनिक मूत्रालय का ही निर्माण कर देते कम से कम उन वीर सपूतों का ऐसा सार्वजनिक अपमान तो ना होता।


मन था की इस स्वतंत्रता दिवस की महान और पूज्य बेला पर हरदा शहर की उन महान विभूतियों को समर्पित एक लेख लिखने का पर क्या करूँ लिख ही नहीं पा रहा हूँ , इसलियें एक आम नागरिक और संस्कार धानी माटी हरदा का बाशिंदा होने के नाते हरदा जिला एवं नगर प्रशासन से सविनय अनुरोध है की हर वर्ष की तरह हजारों-लाखों रु. खर्च कर चंद घंटों के कार्यक्रम आयोजित करने के पूर्व अगर उन सेनानियों के इस पवित्र स्थान को अघोषित मूत्रालय बनने से रोका जाये तो एक सार्थक  श्रधांजलि होगी।


मै इस दु:खद, निन्‍दनीय, शर्मनाक व्यथा पर क्षोभ व्‍यक्‍त करते हुये इस घृणित कुकर्म की निन्‍दा करता हूँ। और स्‍वतंत्रता संग्राम सेनानियों से क्षमा याचना करता हूँ।

Saturday, 4 August 2012

किशोर कुमार खंडवा वाले ..!!


अपनी जादुई आवाज से कई पीढ़ियों की रूह को छूने वाले किशोर कुमार खंडवा वाले ने हिंदी सिनेमा में पार्श्‍व गायन को जो ऊंचाई प्रदान की है उसका आज तक कोई सानी नहीं है, हिन्दी सिने जगत में 'किशोर दा" के नाम से  लोकप्रिय "आभास कुमार गांगुली" का जन्म मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में ४ अगस्त १९२९ में हुआ था।

उनके पिता कुंजलाल गांगुली एक बड़े वकील थे और माँ गौरी देवी एक नामी रहीस परिवार से थी। उनके 2 भाई और एक बहन थी – अशोक कुमार, अनूप कुमार और सती देवी। किशोर दा के हिन्दी सिने जगत मे कदम रखने से पहले ही अशोक कुमार एक विख्यात अभिनेता बन चुके थे। सो उनके साथ रहते रहते ही किशोर की फिल्मों में दिलचस्पी बढ़ी और उन्ही की वजह से वे एस.डी.बर्मन के संपर्क और नज़र में आए। किशोर दा की प्रतिभा को ढूँढने का श्रेय संगीतकार एस. डी. बर्मन को ही जाता है जिन्होने किशोर दा को उनके घर गाते सुना । किशोर दा तब के. एल. सहगल की नकल करते थे। पर बर्मन साहब की सलाह पर उन्होने अपनी खुद की शैली विकसित की।

किशोर दा ना सिर्फ़ एक उम्दा गायक थे, अभिनेता, गीतकार, निर्माता, लेखक और निर्देशक भी थे। उन्होने अपने फिल्मी पेशे की शुरुआत एक अभिनेता के रूप में फिल्म शिकारी(1946) से की। खेम चंद प्रकाश ने उन्हे फिल्म " ज़िद्दी - १९४८ "में गाने का मौका दिया जिसमे उन्होने अपना पहला ' गाना मरने की दुआएं क्यू मांगू ' गाया।  अभिनेता के रूप में उन्होने और भी कई फिल्में की पर उनका दिल गीत गानो में रहा ।

अपनी जादुई मखमली आवाज से श्रोता को झुमने के लिए मजबूर कर देने वाले किशोर कुमार के गले से बचपन में सही ढंग से आवाज नहीं निकलती थी, जिसे लेकर उनके माता-पिता परेशान रहते थे. उसी दौरान एक हादसे ने उनके भीतर एक ऐसी सुरीली आवाज पैदा कर दी जो आगे चलकर लोगों के जेहन में हमेशा के लिए घर कर गई। किशोर दा के साथ काम कर चुके और उनके पारिवारिक मित्र रहे अभिनेता रजा मुराद ने एक बार चर्चा के दौरान इस बात का खुलासा किया था की,  ‘किशोर दा ने मुझे एक बार बताया था कि बचपन में उनकी आवाज गले से नहीं निकलती थी. इसको लेकर उनके माता-पिता परेशान रहते थे।' उन्होंने कहा, ‘किशोर दा का पैर एक बार हंसिये पर पड़ गया और वह इतना रोए कि उनमें यह ‘जादुई आवाज’ पैदा हो गई. वह अपनी सुरीली आवाज के लिए इसी हादसे को श्रेय देते थे।’ 

शुरू में किशोर दा को एस डी बर्मन और अन्य संगीत कारों ने अधिक गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें हल्के स्तर के गीत गाने का अवसर ही दिया, लेकिन किशोर कुमार ने 1957 में बनी फिल्म "फंटूस" में 'दुखी मन मेरे' गीत से अपनी ऐसी धाक जमाई कि जाने माने संगीतकारों को किशोर कुमार की प्रतिभा का लोहा मानना पड़ा। इसके बाद एसडी बर्मन ने किशोर कुमार को अपने संगीत निर्देशन में कई गीत गाने का मौका दिया। आर डी बर्मन के संगीत निर्देशन में किशोर कुमार ने 'मुनीम जी', 'टैक्सी ड्राइवर', 'फंटूश', 'नौ दो ग्यारह', 'पेइंग गेस्ट', 'गाईड', 'ज्वेल थीफ़', 'प्रेमपुजारी', 'तेरे मेरे सपने' जैसी फिल्मों में अपनी जादुई आवाज से फिल्मी संगीत के दीवानों को अपना दीवाना बना लिया। एक अनुमान के किशोर कुमार ने वर्ष 1940 से वर्ष 1980 के बीच के अपने करियर के दौरान करीब 574 से अधिक गाने गाए। किशोर कुमार ने हिन्दी के साथ ही तमिल, मराठी, असमी, गुजराती, कन्नड़, भोजपुरी, मलयालम और उड़िया फिल्मों के लिए भी गीत गाए। किशोर कुमार को आठ फिल्म फेयर अवार्ड मिले, उनको पहला फिल्म फेयर अवार्ड 1969 में आराधना फिल्म के गीत 'रूप तेरा मस्ताना प्यार मेरा दीवाना' के लिए दिया गया था। किशोर कुमार की खासियत यह थी कि उन्होंने देव आनंद से लेकर राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन के लिए अपनी आवाज दी और इन सभी अभिनेताओं पर उनकी आवाज ऐसी रची बसी मानो किशोर खुद उनके अंदर मौजूद हों। किशोर कुमार ने 81 फ़िल्मों में अभिनय किया और 18 फिल्मों का निर्देशन भी किया। फ़िल्म 'पड़ोसन' में उन्होंने जिस मस्त मौला आदमी के किरदार को निभाया वही किरदार वे जिंदगी भर अपनी असली जिंदगी में निभाते रहे।

किशोर दा  इन्दौर के क्रिश्चियन कॉलेज में पढ़े थे और उनकी आदत थी कॉलेज की कैंटीन से उधार लेकर खुद भी खाना और दोस्तों को भी खिलाना। वह ऐसा समय था जब 10-20 पैसे की उधारी भी बहुत मायने रखती थी। किशोर कुमार पर जब कैंटीन वाले के पाँच रुपया बारह आना उधार हो गए और कैंटीन का मालिक जब उनको अपने एक रुपया बारह आना चुकाने को कहता तो वे कैंटीन में बैठकर ही टेबल पर गिलास, और चम्मच बजा बजाकर पाँच रुपया बारह आना गा-गाकर कई धुन निकालते थे और कैंटीन वाले की बात अनसुनी कर देते थे। बाद में उन्होंने अपने एक गीत में इस पाँच रुपया बारह आना का बहुत ही खूबसूरती से इस्तेमाल किया। शायद बहुत कम लोगों को पाँच रुपया बारह आना वाले गीत की यह असली कहानी मालूम होगी।

किशोर दा के लिए 1970 और 80 का दशक बेहद खास रहा। इस दौरान उन्होंने कई ऐसे गीत गाए, जो आज भी लोगों की रूह को छू जाते हैं। ‘जिंदगी एक सफर है सुहाना’ ‘ये जो मोहब्बत है’, ‘एक रास्ता है जिंदगी’ और ‘मंजिले अपनी जगह’ जैसे सैकड़ों गीत हैं, जो संगीतप्रेमियों के जेहन में हमेशा के लिए घर कर गए हैं। 

ताउम्र खुद को किशोर कुमार खंडवावाले कहलाने में गर्व महसूस करने वाले किशोर दा ने 13 अक्तूबर, 1987 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार, उनकी जन्मस्थली खंडवा स्थित उनके पैतृक आवास पर किशोर कुमार के गीत संगीत का एक संग्रहालय बनाया गया है।

हिंदी सिनेमा में आज तक एक ही गाना बना है जिसे पूर्ण रूप से हिंदी भाषा में रचा गया है। यह गाना वर्ष १९७१ में फिल्म "हम तुम और वोह" में किशोर दा ने गाया था। आज भी इस आने का कोई मुकाबला नहीं।


प्रिये
प्रिये
प्रिये
प्रिये प्रानेस्वरी, ह्रिदेस्वरी 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
प्रिये प्रानेस्वरी

ये चक्षु तेरे चंचल चंचल 
ये चक्षु तेरे चंचल चंचल 
ये कुंतल भी श्यामल श्यामल
ये अधर धरे जीवन ज्वाला
ये रूप चन्द्र शीतल शीतल 
ओ कामिनी 
ओ कामिनी प्रेम विशेष करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 

हो संचित पावों की आशा 
हो संचित पावों की आशा 
सुन व्यतीत हृदय की मधुर भाषा
सर्वस्व समर्पन कर दें हम 
करूं पूर्ण हमारी अभिलाषा 
गज गामिनी
गज गामिनी दूर कलेस करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
प्रिये प्रानेस्वरी

हम भ्रमर नहीं इस योवन के
हम भ्रमर नहीं इस योवन के
हम याचक हैं मन उपवन के
हम भाव पुष्प कर दें अर्पण 
साकार करो सपने मन के
मन मोहिनी
मन मोहिनी मन में प्रवेश करें
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
प्रिये प्रानेस्वरी....

Thursday, 2 August 2012

मौकापरस्ती के फनकार ..!!



कह रहे थे अब तक उनको चोर,
मचा हुआ था पुरे देश में शोर,   
अरे ये तो उनके हिस्सेदार निकले ..!  

मौके दर मौके खूब भुनाया,
भर भर बोरे माल बनाया,    
मौकापरस्ती के बड़े फनकार निकले ..!

अब लोगो को खूब बरगलाया, 
कई दिनों तक भूखा मरवाया, 
राजनीती के दांव- पेंच के उस्ताद निकले ..!    

अब तक लानत देते रहे, 
डकैत डकैत कहते रहे, 
अरे ये तो उन डकैतों के सरदार निकले ..! 



@ शिशिर गार्गव ०२ अगस्त २०१२  

Wednesday, 1 August 2012

एक थी मीना ....!!


हिन्दी सिनेमा' जगत में ट्रेजडी क्वीन के खिताब से नवाज़ी गई मशहूर अदाकारा और उच्चकोटि की शायरा महजबीं आरा, चीनी, बेबी मीना, मीना कुमारी, नाज और मंजू ने हिन्दी सिनेमा' जगत में जिस मुकाम को हासिल किया वो आज भी अस्पर्शनीय है। मीना कुमारी जितनी उच्चकोटि की अदाकारा थीं उतनी ही आला-दर्जे की शायरा भी थी। उन्होंने अपने दिली जज्बात और गम के रिश्तों को अपने लफ्जों के द्वारा जो जज्बाती शक्ल अपनी शायरी में दी, वह बहुत कम कलमकारों के बूते की बात होती है। गम का ये दामन शायद 'अल्लाह ताला' की वदीयत थी जैसे। तभी तो कहा उन्होंने -

कहाँ अब मैं इस गम से घबरा के जाऊँ
कि यह ग़म तुम्हारी वदीयत है मुझको   

मीना कुमारी का जन्म थिएटर नर्तकी इकबाल बानो और हारमोनियम बजाने वाले मास्टर अली बख्श की तीसरी संतान के रूप में १- अगस्त - १९३२ को हुआ, जन्म होने के तुरंत बाद, उनके पिता के पास अस्पताल का बिल भरने के लिए पैसे न होने की वजह से, कुछ घंटे के लिए उन्हें यतीमख़ाने में गुज़ारने पड़े थे । कुछ समय पश्चात, अस्पताल के बिल की रकम अदा करके, उनके पिता उन्हें यतीमख़ाने से वापस घर ले गये थे। उन्होंने उसका नाम रखा महजबीं आरा। महजबीं की आंखें छोटी-छोटी थीं, इसलिए घरवालों ने प्यार से उन्हें चीनी बुलाना शुरू कर दिया, क्योंकि चीन के लोगों की आंखें छोटी होती हैं। पिता अली बख्श रंगीन मिजाज के व्यक्ति थे। घर की नौकरानी से नजरें चार हुईं और खुले आम रोमांस चलने लगा। परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। मां की बीमारी और पिता की बेकारी ने महजबीं को बचपन में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों में काम करने के लिए मजबूर कर दिया। मात्र चार साल की उम्र में उन्होंने प्रकाश पिक्चर्स की 'लेदर फेस' में पहली बार काम किया । उस समय उनका नाम रखा गया 'बेबी मीना' । इस नाम से उन्होंने कई फिल्मों में काम भी किया । महज़बीं को अपने पिता से नफरत सी हो गई और पुरुष का स्वार्थी चेहरा उसके जेहन में दर्ज हो गया ।  होमी वाडिया की फिल्म बच्चों का खेल में बेबी मीना ने पहली बार बतौर हीरोइन रोल किया। वे इस फिल्म से 'मीना कुमारी' के नाम से विख्यात हुई और फिर इसी नाम से आखिरी फिल्म गोमती के किनारे तक लगातार काम करती रहीं।

मीना कुमारी को 'नाज' नाम से भी जाना जाता था। उन्हें शायरी से गहरा लगाव था और खुद भी आला दर्जे की शायरी करती थीं। शायरी के लिए वे उपनाम 'नाज' का इस्तेमाल करती थीं। मीना कुमारी को छठा नाम उनके पति कमाल अमरोही ने दिया था। वे मीना को प्यार से मंजू कहते थे। यहां तक कि मीना कुमारी से अनबन हो जाने के बाद भी कमाल अमरोही ने उन्हें जो खत लिखे, उनमें उन्हें मेरी मंजू ही लिखा।


फिल्म बैजू बावरा (१९५२) से मीना कुमारी के नाम से मशहूर और लोकप्रिय महजबीं ने अपने पिता की इमेज को धकियाते हुए उससे हमदर्दी जताने वाले कमाल अमरोही के व्यक्तित्व में अपना सुनहरा भविष्य देखा। वे उनके नजदीक होती चली गईं। नतीजा यह रहा कि दोनों ने निकाह कर लिया। लेकिन यहाँ उसे कमाल साब की दूसरी बीवी का दर्जा मिला। उनके निकाह के एकमात्र गवाह थे जीनत अमान के अब्बा अमान साहब। 


कमाल अमरोही और मीना कुमारी की शादीशुदा जिंदगी करीब दस साल तक एक सपने की तरह चली। मगर संतान न होने से उनके संबंधों में दरार आने लगी। फिल्म फूल और पत्थर (१९६६) के नायक ही-मैन धर्मेन्द्र से मीना की नजदीकियाँ, बढ़ने लगीं। इस दौर तक मीना एक सफल, लोकप्रिय तथा बॉक्स ऑफिस सुपर हिट हीरोइन के रूप में अपने को स्थापित कर चुकी थीं। 


धर्मेन्द्र का करियर डाँवाडोल चल रहा था। उन्हें मीना का मजबूत पल्लू थामने में अपनी सफलता महसूस होने लगी। गरम धरम ने मीना की सूनी-सपाट अंधेरी जिंदगी को एक ही-मैन की रौशनी से भर दिया। कई तरह के गॉसिप और गरमा-गरम खबरों से फिल्मी पत्रिकाओं के पृष्ठ रंगे जाने लगे। इसका असर मीना-कमाल के रिश्ते पर भी हुआ।


मीना कुमारी का नाम कई लोगों से जोड़ा गया। फिल्म बैजू बावरा के निर्माण के दौरान नायक भारत भूषण भी अपने प्रेम का इजहार मीना के प्रति कर चुके थे। जॉनी राजकुमार को मीना कुमारी से इतना इश्क हो गया कि वे मीना के साथ सेट पर काम करते अपने संवाद भूल जाते थे। 


बॉलीवुड के जानकारों के अनुसार मीना-धर्मेन्द्र के रोमांस की खबरें हवा में बम्बई से दिल्ली तक के आकाश में उड़ने लगी थीं। जब दिल्ली में वे तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राधाकृष्णन से एक कार्यक्रम में मिलीं तो राष्ट्रपति ने पहला सवाल पूछ लिया कि तुम्हारा बॉयफ्रेंड धर्मेन्द्र कैसा है? 


इसी तरह फिल्मकार मेहबूब खान ने महाराष्ट्र के गर्वनर से कमाल अमरोही का परिचय यह कहकर दिया कि ये प्रसिद्ध स्टार मीना कुमारी के पति हैं। कमाल अमरोही यह सुन नीचे से ऊपर तक आग बबूला हो गए थे। धर्मेन्द्र और मीना के चर्चे भी उन तक पहुँच गए थे। उन्होंने पहला बदला धर्मेन्द्र से यह लिया कि उन्हें पाकीजा से आउट कर दिया। उनके स्थान पर राजकुमार की एंट्री हो गई। कहा तो यहाँ तक जाता है कि अपनी फिल्म रजिया सुल्तान में उन्होंने धर्मेन्द्र को रजिया के हब्शी गुलाम प्रेमी का रोल देकर मुँह काला कर दिया था। 


गुरुदत्त की फिल्म साहिब, बीवी और गुलाम की छोटी बहू परदे से उतरकर मीना की असली जिंदगी में समा गई थी। मीना कुमारी पहली तारिका थीं, जिन्होंने बॉलीवुड में पराए मर्दों के बीच बैठकर शराब के प्याले पर प्याले खाली किए। धर्मेन्द्र की बेवफाई ने मीना को अकेले में भी पीने पर मजबूर किया। वे छोटी-छोटी बोतलों में देसी-विदेशी शराब भरकर पर्स में रखने लगीं। जब मौका मिला एक शीशी गटक ली। 


दादा मुनि अशोक कुमार, मीना कुमारी के साथ अनेक फिल्में कर चुके थे। एक कलाकार का इस तरह से सरे आम मौत को गले लगाना उन्हें रास नहीं आया। वे होमियोपैथी की छोटी गोलियाँ लेकर इलाज के लिए आगे आए। लेकिन जब मीना का यह जवाब सुना 'दवा खाकर भी मैं जीऊँगी नहीं, यह जानती हूँ मैं। इसलिए कुछ तम्बाकू खा लेने दो। शराब के कुछ घूँट गले के नीचे उतर जाने दो' तो वे भीतर तक काँप गए।


पाकीजा फिल्म निर्माण में सत्रह साल का समय लगा। इस देरी की वजह मीना-कमाल का अलगाव रहा, शायद इसी लिए मीना कुमारी ने कहा था की, "तलाक़ तो दे रहे हो, नज़रें कहर के साथ, जवानी भी मेरी लौटा दो महेर के साथ।" लेकिन मीना जानती थी कि फिल्म पाकीजा कमाल साहब का कीमती सपना है। उन्होंने फिल्म बीमारी की हालत में की। मगर तब तक उनकी लाइफ स्टाइल बदल चुकी थी। आखिर १९५६ में मुहूर्त से शुरू हुई पाकीजा ४ फरवरी १९७२ को रिलीज हुई और ३१- मार्च - १९७२ को मीना कुमारी तमाम बंधनों को पीछे छोड़ तनहा चल दी बादलों के पार अपने सच्चे प्रेमी की तलाश में। और जाते जाते सचमुच सारे जहाँ को तन्हां कर गयीं। जब जिन्दा रहीं सरापा दिल की तरह जिन्दा रहीं। दर्द चुनते रहीं संजोती रहीं और कहती रहीं -



टुकडे -टुकडे दिन बिता, धज्जी -धज्जी रात मिली
जितना -जितना आँचल था, उतनी हीं सौगात मिली


जब चाह दिल को समझे, हंसने की आवाज़ सुनी
जैसा कोई कहता हो, ले फ़िर तुझको मात मिली


होंठों तक आते -आते, जाने कितने रूप भरे
जलती -बुझती आंखों में, सदा-सी जो बात मिली


पाकीजा सुपरहिट रही। अमर हो गए कमाल अमरोही। अमर हो गईं ट्रेजेडी क्वीन मीना कुमारी। मगर कुदरत का एक कमाल शायद उनके जीवन में और आना शेष था तभी तो अपने जन्म के समय पैसे की तंगी का जख्म झेल चुकी  उस तनहा तारिका के पास अस्पताल का अंतिम बिल चुकाने लायक भी पैसे नहीं थे । उस अस्पताल का बिल अदा किया वहाँ के एक डॉक्टर ने, जो मीना का जबरदस्त प्रशंसक था।