कोई विदाई अंतिम नहीं होती
और न ही अंत होता है किसी सफ़र का
हां ! चलते - चलते आते है मोड़ अनेक
फिर बदल जाते है रास्ते
और बदल जाते है .....
अभिन्न दोस्त, साथी और शुभचिन्तक
इसी बदलाव के पहले आता है
एक पड़ाव, एक ठहराव
फिर शुरू हो जाता है एक नया सफ़र
हर नए सफ़र से पहले आए
किसी छोटे से पड़ाव का
चंद लम्हों के ठहराव का
नाम है .. शायद - विदाई
क्या ऐसा नहीं हो सकता
कि हम, सब जीवन के
हर मोड़ पर, हर ठहराव पर
हर पड़ाव पर,
बने रहे वैसे ही मासूम,
निर्बोध, निस्वार्थ औए निष्पाप
सुख दुःख की परिभाषा से
अनभिज्ञ
अपने पराए की संकीर्णता
औए तंगदिली से बेखबर
रोने और हंसने की
विवशताओं से परे
मृत्युलोक की
औपचारिकताओं से दूर
और ... और वैसे ही हो
हमारी, तुम्हारी और सबकी
विदाई ...
इस संसार से
जैसे हम, तुम, और सब आये थे
इस संसार में
अपनी - अपनी माँ के गर्भ से
बिना किसी मुखौटे के
बिना किसी विकृति के ......
20 12 2012
हरदा


