Saturday, 16 November 2013

चुनावी समर और हरदा - पड़ताल २


 निर्वाचन आयोग कि सख्ती का असर अपनी आँखों से देखा तो पता लगा कि इस चुनाव में इतनी शांति, साफ़-सफाई क्यों है, एक पार्टी के कार्यकर्त्ता कुछ बैनर पोस्टर और झंडे लेकर आये और कुछ एक घरों पर लगाकर चलते बनें और उनके ओझल होते ही एक टीम आती है और उन घरों को चिन्हित करते हुए दनादन उनके नाम दर्ज करना शुरू कर देती है घर मालिक कुछ समझ पाता उसके पहले उनका नाम दर्ज हो जाता है फिर अगले ही पल घर मालिक किसी अनहोनी के डर से वो झंडे बैनर पोस्टर जो भी है हाथों-हाथ उतार लेता है।  

निर्वाचन आयोग चाहे जितना सख्त हो जाये पर आप इस बात को नकार नहीं सकते कि वर्त्तमान समय में बिन पैसे सब सुन है, कार्यकर्ताओं कि लम्बी फ़ौज़ और उनके बड़े बड़े पेट भी पालना होता है, १००-५० रु. से कुछ तो होता नहीं, सुबह से दोपहर आते आते हवा हो जाते है, शाम और रात का इंतज़ाम ? इन पर मदो पर होने वाला खर्च किसी किताब में दर्ज नहीं होता और मेरा तो मानना है कि यह एक बड़ी वज़ह होती है चुनाव के समय अपने समर्थकों का रैला दिखाने में।

 इस विषय को आज इसलिए भी चुना क्योकि हरदा विधानसभा से एक और प्रत्याशी मैदान में है शमीम मोदी - समाजवादी जन परिषद् से जो पिछले कई सालों से अपनी और अपनी पार्टी कि और से संघर्ष कर रही है, उनकी और से दावा किया जाता है कि "वर्ष २००३ और आगे के सालों के दौरान हम जनता कि आवाज़ बनकर खड़े हुए जबकि हरदा कांग्रेस बेअसर और खौफ़जदा थी हमने आदिवासियो, दलितो, हम्मालों, हर गरीब के मामले में थामा। हमने माना कि दलित, आदिवासी, किसान और मजदूर सबको बाकी इंसानो कि ही तरह से इज्जत से जीने का अधिकार है।  इतने सब के बाद भी, लोग वोट नहीं देते , तो फिर से क्यों इस झनझंट में फंस रहे है? असल में, हम उसे वायदे से बंधे है, जो हमने आप से लोगो से ज्यादा अपने आप से किया था. उन अपने साथी कार्यकर्ताओ से किया था, जो इतने आतंक के बाद भी डरे नहीं। हमने वायदा किया था, " चाहे हमारी गर्दन कट जाए, हम हरदा जिले में भय- भूख और भ्रष्ट्राचार का राज ख़त्म कर विकास का राज लायेंगे" (जैसा अनुराग मोदी ने अपनी अपील में लिखा है)। 

इन जैसे प्रत्याशियों के पास धनबल कि कमी के कारण ही खांटी चुनावी कार्यकर्ताओं का अभाव है, इनकी उपस्थिति आदिवासी और अन्य ग्रामीण अंचलों में तो महसूस कि जा सकती है पर शहरी क्षेत्रों में ना के बराबर, संचार क्रांति के इस दौर में जब कि चुनाव सोशल वेबसाइटों के माध्यम से भी लड़ा जा रहा है मोदी कि आवाज़ ने कुछ ही सही पर रफ़्तार पकड़ी है, हालाँकि इन सोशल माध्यमों पर भी कांग्रेस और भाजपा के स्थानीय समर्थकों कि भरमार है।

अनुराग मोदी और शमीम मोदी इस चुनाव में अपनी सफलता को लेकर कितने आशावान है कहना मुश्किल है पर उनकी उपस्थिति इस चुनाव में कोई बड़ा उलटफेर करने में सहायक जरुर सिद्ध हो सकती है।

Thursday, 14 November 2013

चुनावी समर और हरदा - एक पड़ताल



दिन पर दिन सर्द होते जा रहे मौसम का असर है या चुनाव आयोग कि आचार संहिता की सख्ती का जोर, विधानसभा चुनाव को लेकर ना तो समर्थकों में जोश है और ना ही मतदाताओं में उत्साह, आज से अगर जोड़ा जाये तो कुल मिलकर 10 दिन और रह जाते है मतदान की तारीख को। इसके बावजूद न तो गांव की चौपाल पर चुनावी चर्चा का जोर है और न ही शहर की सड़कों पर हमेशा की तरह सुनाई देने वाला शोर।

पार्टी कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर पहले जैसी गहमा-गहमी नहीं है। अलबत्ता चुनाव मैदान में उतरे नेताओं में जरूर बेचैनी है। मतदान की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे उम्मीदवारों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। चुनाव आते हैं तो गांवों में खासी चहल-पहल होती है। गांव के भीतर सड़क किनारे खड़े पेड़ की छांव में जमा होकर लोग चुनावी बहस, कौन किस पर भारी पड़ेगा, कौन किसे शह देगा और किसकी मात होगी, जैसे सवालों को लेकर बहस में उलझे नजर आते थे। कई बार यह बहस आक्रामक तक हो जाती थी।

शहरी मतदाताओं के रुख को समझ पाना हमेशा से कठिन रहा है पर इस चुनाव में ग्रामीण अंचलों के मिज़ाज़ कि थाह पाना असंभव सा प्रतीत हो रहा है , आमतौर पर घरों और अपने अपने प्रतिष्ठानों पर झंडे, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स आदि से पटी सड़कों से लेकर आवासीय क्षेत्रों में छोटे-बड़े घरों से लेकर आलीशान इमारतें एकदम साफ-सुथरी हैं।

प्रत्याशियों की घोषणा के बाद टिकट से वंचित दावेदारों और उनके समर्थकों का गुस्सा सड़क पर तो जाहिर तौर पर नहीं है पर अंदर ही अंदर धधक और सुलगता हुआ महसूस किया जा सकता है इस भीतर लगी आग से भितरघात निश्चित रूप से दोनों प्रमुख दलों के लिए चिंता का सबब है। हरदा विधानसभा से भाजपा फिर एक बार कमल पटेल के कंधे पर सवार है तो कांग्रेस ने नए चेहरे आर. के. दोगने को मैदान में उतारा है। पुरे प्रदेश में यह शायद अपने आप में सबसे दुर्लभ स्थिति होगी कि कांग्रेस को जहाँ अपनी पार्टी के बागी प्रत्याशी और जेल में रहते हुए चुनावी समर में अपनी ताल ठोकते राजेंद्र पटेल के रूप में दोहरी चुनौती से पार पाना है तो भाजपा के कमल पटेल भी इस चुनौती से असहज और भारी पशोपेश में है जाहिर है कमल पटेल और राजेंद्र पटेल जाट बिरादरी से आते है और साथ ही साथ एक दूसरे से चली आ रही क़ानूनी लड़ाई को अब सरकारी अदालतों से आगे जनता कि अदालत में लड़ने के मानस के साथ चुनावी मैदान में है, राजेंद्र पटेल कि पुत्री कि और से समाचार पत्रों में जारी एक अपील ने इस चुनाव में जनता से आह्वान करते हुए अपने पिता और परिवार के लिए इंसाफ कि गुहार लगाई है।

वही दूसरी और कांग्रेस प्रत्याशी आर. के. दोगने क्षेत्र कि जनता को अपने स्थानीय होने का प्रमाण ही देते रहने तक सीमित हो गए है, हालाँकि दोगने अपने जातिगत वोटों और कांग्रेस के समर्थकों को एकजुट करने कि कोशिश में पूरी ताकत से लगे है पर लगता है अभी डगर राजधानी कि कठिन है।

हरदा विधानसभा से लगभग 104000 पुरुष और 94000 महिला मतदाता ( कुल 198376 ) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे इसमें से 30% युवा वोटरों पर सभी दलों का ध्यान केंद्रित है, बहरहाल चुनाव सर पर है और इस समय यह तो तय ही है कि ना तो भाजपा को कोई थाली में परोस कर विजयश्री देने वाला है और न ही कांग्रेस की कोई आरती उतारने वाला है। खैर इस चुनावी समर में हम साधारण और आम जनों को सावधान और सजग रहने कि आवश्यकता है, चाँद और सूरज से परे एक जहां और भी है जो गुलज़ार हमारे होने से है तो मुट्ठी बांधिए, उंगली दिखाइए, वोट डालिए और दे दीजिए सबको अपना जवाब। बना लीजिए अपनी सरकार!

अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करे .... !!

Tuesday, 26 March 2013

होली ...!!



बचपन से उम्र के इस पड़ाव तक साल भर सिर्फ दो ही पर्व ऐसे है जिनका इंतज़ार साल भर करते रहते है हम .. दिवाली और होली।

दीप-पर्व पर तो काफी कुछ अपनी अपनी मान्यताओं के अनुसार आनंद लिया जाता है पर "होली" पर्व तो पर्व ही है आनंद का.. मस्ती का... और पर्व है मुक्ति का ....!!

होली में रंग तो बहाना है असल मक़सद है बंधनों से मुक्ति। रंग यहाँ बंधनमुक्ति का प्रतीक हैं। जब आप किसी को रंग देते हैं तो बंधन मुक्ति की कामना करते हैं। जिसने भी होली को आरंभ में खेला था वह बंधनों में बंधे मनुष्य की पीड़ा का भुक्तभोगी रहा होगा। होली का मतलब महज होलिका दहन नहीं है,कुछ लकड़ियों का जलाया जाना नहीं है।यह पौराणिक आख्यान की पुनरावृत्ति भी नहीं है। वैसे हमारे समाज में प्रत्येक त्यौहार के साथ पौराणिक कथाएँ जुड़ी हुई हैं, कोई न कोई देवी-देवता, नायक-नायिका आदि जुड़े हैं। ये इन पर्वों के गौण रूप हैं। उत्सवधर्मिता इसके पीछे प्रदान लक्ष्य है।

होली सांस्कृतिक पर्व है अतः इसकी महिमा निराली है। उसके रंगों का अर्ख रंगों के परे है। यह रंगों से आरंभ ज़रूर होता है, लेकिन ख़त्म बंधनों से मुक्ति में होता। रंग पड़ने का अर्थ है निषिद्ध की मौत, बंधन का अंत। यही वजह है होली सब मनाते हैं, लेकिन होली के बहाने भारतीय समाज बंधनों से मुक्ति का महा उत्सव मनाता है।

विगत वर्षों में होली का खेल और खेलने के प्रकार काफी हद तक बदले है, हुरंगा बदला है, सड़कों की रौनक और रंगों का खेल बदला है। आम लोगों का होली के प्रति मिजाज़ बदला है। होली का अर्थ है कोई नियम नहीं। यह दिन मनुष्य के लिए मुक्ति और आनंद का दिन है। इसदिन को मनुष्य पूर्ण उल्लास और आनंद के साथ व्यतीत करता है। 

होली का त्यौहार हो और नज़ीर अकबरावादी साहब पर बातें न हों यह हो नहीं सकता। ऐसा माना जाता है की ब्रज की होली के रंगों को जिन लोगों ने देखा और जिया है उनके लिए होली का अर्थ समझना आसान है, लेकिन जिन लोगों ने ब्रज की होली नहीं देखी है वे उसके मर्म को समझ नहीं सकते, पर इस कमी को नज़ीर अकबरावादी साहब अपने सृजन के माध्यम से बखूबी पूर्णता: प्रदान करते है ....  

जब फागुन रंग झमकते हों तब देख बहारें होली की
और दफ़ के शोर खड़कते हों तब देख बहारें होली की
परियों के रंग दमकते हों तब देख बहारें होली की
ख़ूम शीश-ए-जाम छलकते हों तब देख बहारें होली की
महबूब नशे में छकते हो तब देख बहारें होली की

हो नाच रंगीली परियों का, बैठे हों गुलरू रंग भरे
कुछ भीगी तानें होली की, कुछ नाज़-ओ-अदा के ढंग भरे
दिल फूले देख बहारों को, और कानों में अहंग भरे
कुछ तबले खड़कें रंग भरे, कुछ ऐश के दम मुंह चंग भरे
कुछ घुंगरू ताल छनकते हों, तब देख बहारें होली की

गुलज़ार खिलें हों परियों के और मजलिस की तैयारी हो
कपड़ों पर रंग के छीटों से खुश रंग अजब गुलकारी हो
मुँह लाल, गुलाबी आँखें हो और हाथों में पिचकारी हो
उस रंग भरी पिचकारी को अंगिया पर तक कर मारी हो
सीनों से रंग ढलकते हों तब देख बहारें होली की

और एक तरफ़ दिल लेने को, महबूब भवइयों के लड़के
हर आन घड़ी गत फिरते हों, कुछ घट घट के, कुछ बढ़ बढ़ के
कुछ नाज़ जतावें लड़ लड़ के, कुछ होली गावें अड़ अड़ के
कुछ लचके शोख़ कमर पतली, कुछ हाथ चले, कुछ तन फड़के
कुछ काफ़िर नैन मटकते हों, तब देख बहारें होली की

ये धूम मची हो होली की, ऐश मज़े का झक्कड़ हो
उस खींचा खींची घसीटी पर, भड़वे खन्दी का फक़्कड़ हो
माजून, रबें, नाच, मज़ा और टिकियां, सुलफा कक्कड़ हो
लड़भिड़ के 'नज़ीर' भी निकला हो, कीचड़ में लत्थड़ पत्थड़ हो
जब ऐसे ऐश महकते हों, तब देख बहारें होली की ।

Monday, 18 February 2013

उपवन



कुछ इस कदर 
कुमला सा गया है 
जीवन 

जैसे आँगन में 
रखा वो
तुलसी वृन्दावन 

मैं नहीं कर पता 
सेवा तुम जैसी 
ना पानी ना पूजन
ना ही वंदन 

धुप अब भी आती है 
उन कुर्सियों तक 
जिस पर बैठ अक्सर  
होती थी वो प्यारी सी 
अन-बन 

अब और क्या कहे 
शिशिर ....
अब ना तन है ना मन 
लगता है जैसे हो कोई 
उजड़ा सा ..उपवन 

19 Feb 2013 .. हरदा   

Monday, 4 February 2013

विद्वता का अहंकार ..!!

महाकवि कालिदास को अपार यश, प्रतिष्ठा और सम्मान पाकर अपनी विद्वत्ता का घमंड हो गया। उन्हें लगा कि उन्होंने विश्व का सारा ज्ञान प्राप्त कर लिया है और अब सीखने को कुछ शेष नहीं बचा है।

एक बार पड़ोसी राज्य से शास्त्रार्थ का निमंत्रण पाकर कालिदास अपने घोड़े पर रवाना हुए, चिलचिलाती धूप में लगातार यात्रा से कालिदास को प्यास लग आई, जंगल का रास्ता था और दूर दूर तक कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, थोडा तलाश करने पर उन्हें एक टूटी झोपड़ी दिखाई दी, पानी की आशा में वो उस ओर बढ चले झोपड़ी के सामने एक कुआं भी था।

उसी समय झोपड़ी से एक छोटी बच्ची मटका लेकर निकली, बच्ची ने कुएं से पानी भरा और जाने लगी, देखकर कालिदास उसके पास जाकर बोले, "हे बालिके ! बहुत प्यास लगी है ज़रा पानी पिला दे।”

बच्ची ने कहा, “आप कौन हैं ? मैं आपको जानती भी नहीं, पहले अपना परिचय दीजिए।”

कालिदास को लगा कि मुझे कौन नहीं जानता ! मुझे परिचय देने की क्या आवश्यकता ? फिर भी प्यास से बेहाल थे तो बोले, “अभी तुम छोटी हो, इसलिए मुझे नहीं जानती. घर में कोई बड़ा हो तो उसको भेजो, वो मुझे देखते ही पहचान लेंगे। मेरा नाम सभी लोग जानते है।"

बालिका ने पुनः पूछा, “सत्य बताएं, कौन हैं आप?”

वो चलने की तैयारी में थी, कालिदास थोड़ा नम्र होकर बोले, “बालिके ! मैं बटोही हूं।”

मुस्कुराते हुए बच्ची बोली, “आप झूठ बोल रहे हैं. संसार में दो ही बटोही हैं। और उन दोनों को मैं जानती हूँ, बताइए वो दोनों कौन हैं?"

थोङी देर सोचकर कालिदास बोले, “मुझे नहीं पता, तुम ही बता दो, मगर मुझे पानी पिला दो, मेरा गला सूख रहा है,"

बच्ची बोली, “आप स्वयं को बङा विद्वान बता रहे हैं और ये भी नहीं जानते? एक स्थान से दूसरे स्थान तक बिना थके जाने वाला बटोही कहलाता है। बटोही दो ही हैं, एक चंद्रमा और दूसरा सूर्य जो बिना थके चलते रहते हैं। आप तो थक गए हैं। भूख-प्यास से बेदम हो रहे हैं। आप कैसे बटोही हो सकते हैं?”

इतना कहकर बालिका ने पानी से भरा मटका उठाया और झोपड़ी के भीतर चली गई। कलिदास चकित रह गए। बड़े से बड़े विद्वानों को पराजित कर चुके कालिदास एक बच्ची के सामने निरुत्तर खङे थे।

इतने अपमानित वे जीवन में कभी नहीं हुए। प्यास से शरीर की शक्ति घट रही थी, दिमाग़ चकरा रहा था, उन्होंने आशा से झोपड़ी की तरफ़ देखा, तभी अंदर से एक वृद्ध स्त्री निकली, उसके हाथ में खाली मटका था, वो कुएं से पानी भरने लगी, अब तक काफी विनम्र हो चुके कालिदास बोले, “माते, प्यास से मेरा बुरा हाल है, भर पेट पानी पिला दीजिए बङा पुण्य होगा।”

बूढी माँ बोलीं, "बेटा मैं तुम्हे जानती नहीं, अपना परिचय दो. मैं अवश्य पानी पिला दूँगी।”

कालिदास ने कहा, “मैं मेहमान हूँ, कृपया पानी पिला दें।”

“तुम मेहमान कैसे हो सकते हो? संसार में दो ही मेहमान हैं, पहला धन और दूसरा यौवन, इन्हें जाने में समय नहीं लगता, सत्य बताओ कौन हो तुम?”

इस उत्तर से पराजित और हताश कालिदास बोले, “मैं सहनशील हूं, पानी पिला दें.”

“नहीं, सहनशील तो दो ही हैं. पहली, धरती जो पापी-पुण्यात्मा सबका बोझ सहती है, उसकी छाती चीरकर बीज बो देने से भी अनाज के भंडार देती है. दूसरे, पेड़ जिन को पत्थर मारो फिर भी मीठे फल देते हैं. तुम सहनशील नहीं हो, सच बताओं तुम कौन हो ?”

कालिदास लगभग मूर्छा की स्थिति में आ गए और तर्क-वितर्क से झल्लाकर बोले, "मैं हठी हूं।”

“फिर असत्य, हठी तो दो ही हैं, पहला नख और दूसरा केश, कितना भी काटो बार-बार निकल आते हैं, सत्य कहें ब्राह्मण कौन हैं आप?”

पूरी तरह अपमानित और पराजित हो चुके कालिदास ने कहा, “फिर तो मैं मूर्ख ही हूं।”

“नहीं तुम मूर्ख कैसे हो सकते हो. मूर्ख दो ही हैं। पहला राजा जो बिना योग्यता के भी सब पर शासन करता है, और दूसरा दरबारी पंडित जो राजा को प्रसन्न करने के लिए ग़लत बात पर भी तर्क करके उसको सही सिद्ध करने की चेष्टा करता है।”

कुछ बोल न सकने की स्थिति में कालिदास वृद्धा के पैर पर गिर पड़े और पानी की याचना में गिङगिङाने लगे।

"उठो वत्स"… ये आवाज़ सुनकर जब कालिदास ने ऊपर देखा तो साक्षात माता सरस्वती वहां खड़ी थी। कालिदास पुनः नतमस्तक हो गए।

“शिक्षा से ज्ञान आता है न कि अहंकार। तूने शिक्षा के बल पर प्राप्त मान और प्रतिष्ठा को ही अपनी उपलब्धि मान लिया और अहंकार कर बैठे, इसलिए मुझे तुम्हारे चक्षु खोलने के लिए ये स्वांग करना पड़ा।”

कालिदास को अपनी गलती समझ में आ गई और भरपेट पानी पीकर वे आगे चल पड़े।

Thursday, 20 December 2012

विदाई ...!!



कोई विदाई अंतिम नहीं होती 
और न ही अंत होता है किसी सफ़र का 
हां ! चलते - चलते आते है मोड़ अनेक 
फिर बदल जाते है रास्ते 
और बदल जाते है .....
अभिन्न दोस्त, साथी और शुभचिन्तक 
इसी बदलाव के पहले आता है 
एक पड़ाव, एक ठहराव 

फिर शुरू हो जाता है एक नया सफ़र 
हर नए सफ़र से पहले आए 
किसी छोटे से पड़ाव का 
चंद लम्हों के ठहराव का 
नाम है .. शायद - विदाई 

क्या ऐसा नहीं हो सकता 
कि हम, सब जीवन के 
हर मोड़ पर, हर ठहराव पर 
हर पड़ाव पर,
बने रहे वैसे ही मासूम,
निर्बोध, निस्वार्थ औए निष्पाप 
सुख दुःख की परिभाषा से 
अनभिज्ञ 

अपने पराए की संकीर्णता 
औए तंगदिली से बेखबर 
रोने और हंसने की
विवशताओं से परे 
मृत्युलोक की 
औपचारिकताओं से दूर 

और ... और  वैसे ही हो 
हमारी, तुम्हारी और सबकी 
विदाई ...
इस संसार से 
जैसे हम, तुम, और सब आये थे 
इस संसार में 

अपनी - अपनी माँ के गर्भ से 
बिना किसी मुखौटे के 
बिना किसी विकृति के ...... 

20 12 2012
हरदा  

Wednesday, 19 December 2012

काश .. मेरा बलात्कार भी दिल्ली में होता ..!!



दिल्ली में हुए गैंग रेप के बाद संसद से लेकर सड़क तक आन्दोलन और प्रदर्शनों की बाढ़ सी आ गई , हर कोई बढ़ चढ़कर इस आन्दोलन में अपनी बात को रख रहा था देखकर मन मैं एक संतोष हुआ की आज भी लोग संवेदनशील है उद्वेलित हैं। भारतीय मीडिया ने भी इसे भरपूर कवरेज दी और शायद इसीलिए अपराधी जल्द ही पकड़े भी गए। लेकिन सवाल यह है की क्या बलात्कार केवल दिल्ली में ही होते है। देश बहुत बड़ा है और हैवान हर जगह हैं। मगर वहां न तो मीडिया का शोर सुनाई देता है, न राजनीतिक दलों का। बल्कि कभी-कभी तो राजनीतिक नेता ही इसमें शामिल होते हैं और बलात्कारियों का समर्थन करने वालों में वही पार्टी आगे होती है जो आज दिल्ली में नारे लगा रही है। 

महिला सांसद जया बच्चन की आँखों मैं आसूं सिर्फ दिल्ली में हुए गेंग रैप के बाद ही छलके एक अन्य सांसद स्मृति ईरानी की भड़ास सिर्फ दिल्ली के लिए ही क्यों ? क्यों देश के अन्य प्रांतो और क्षेत्रों में रोजाना होने वाले सैकड़ो बलात्कार पर खून नहीं उबलता इन "बाईट प्रेमी" नेताओं का।

क्यों मध्य प्रदेश के आदिवासी अंचल की उस गरीब और अनपढ़ लड़की पर हुए दोहरे अत्याचार पर देश के सभी वर्गों और मीडिया को गुस्सा नहीं आया ? क्या ह्रदयविदारक और शर्मसार जैसे शब्द सिर्फ राजधानियों में होने वाले बलात्कारों तक ही सिमित होते है ? क्या मध्य प्रदेश के महेश्वर की उस नाबालिक आदिवासी लड़की जिसका कई दिनों तक बंधक बनाकर शोषण किया गया और उसके बाद उम्र और मेडिकल परीक्षण के बहाने नशे में धुत एक पुरुष डाक्टर द्वारा उसके साथ की गई अमानवीय हरकत पर क्यों गुस्सा नहीं आता या खून उबलता इन लोगो का, बलात्कार जैसे संवेदनशील मुद्दे पर प्रदेश और वह काबिज़ पार्टी को देखकर प्रदर्शन कदाचित सही नहीं ठहराएँ जा सकते।

जबकि आज तक इस कुकर्म का आरोपी पकड़ा नहीं गया है और अमानवीय कुकर्म करने वाला डॉ. घटना के दुसरे ही दिन हवालात से बाहर आकर अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बता देता है ..!!   
 
उस लड़की का शरीर , मन और जीवन सभी इतना तार तार हो गया है की दिल्ली की घटना के बाद न्याय के लिए चौतरफा आन्दोलन को देखकर बरबस ही उसके मुंह से निकल पड़ा .... काश .. मेरा बलात्कार भी दिल्ली में होता ..!!