Saturday, 16 November 2013

चुनावी समर और हरदा - पड़ताल २


 निर्वाचन आयोग कि सख्ती का असर अपनी आँखों से देखा तो पता लगा कि इस चुनाव में इतनी शांति, साफ़-सफाई क्यों है, एक पार्टी के कार्यकर्त्ता कुछ बैनर पोस्टर और झंडे लेकर आये और कुछ एक घरों पर लगाकर चलते बनें और उनके ओझल होते ही एक टीम आती है और उन घरों को चिन्हित करते हुए दनादन उनके नाम दर्ज करना शुरू कर देती है घर मालिक कुछ समझ पाता उसके पहले उनका नाम दर्ज हो जाता है फिर अगले ही पल घर मालिक किसी अनहोनी के डर से वो झंडे बैनर पोस्टर जो भी है हाथों-हाथ उतार लेता है।  

निर्वाचन आयोग चाहे जितना सख्त हो जाये पर आप इस बात को नकार नहीं सकते कि वर्त्तमान समय में बिन पैसे सब सुन है, कार्यकर्ताओं कि लम्बी फ़ौज़ और उनके बड़े बड़े पेट भी पालना होता है, १००-५० रु. से कुछ तो होता नहीं, सुबह से दोपहर आते आते हवा हो जाते है, शाम और रात का इंतज़ाम ? इन पर मदो पर होने वाला खर्च किसी किताब में दर्ज नहीं होता और मेरा तो मानना है कि यह एक बड़ी वज़ह होती है चुनाव के समय अपने समर्थकों का रैला दिखाने में।

 इस विषय को आज इसलिए भी चुना क्योकि हरदा विधानसभा से एक और प्रत्याशी मैदान में है शमीम मोदी - समाजवादी जन परिषद् से जो पिछले कई सालों से अपनी और अपनी पार्टी कि और से संघर्ष कर रही है, उनकी और से दावा किया जाता है कि "वर्ष २००३ और आगे के सालों के दौरान हम जनता कि आवाज़ बनकर खड़े हुए जबकि हरदा कांग्रेस बेअसर और खौफ़जदा थी हमने आदिवासियो, दलितो, हम्मालों, हर गरीब के मामले में थामा। हमने माना कि दलित, आदिवासी, किसान और मजदूर सबको बाकी इंसानो कि ही तरह से इज्जत से जीने का अधिकार है।  इतने सब के बाद भी, लोग वोट नहीं देते , तो फिर से क्यों इस झनझंट में फंस रहे है? असल में, हम उसे वायदे से बंधे है, जो हमने आप से लोगो से ज्यादा अपने आप से किया था. उन अपने साथी कार्यकर्ताओ से किया था, जो इतने आतंक के बाद भी डरे नहीं। हमने वायदा किया था, " चाहे हमारी गर्दन कट जाए, हम हरदा जिले में भय- भूख और भ्रष्ट्राचार का राज ख़त्म कर विकास का राज लायेंगे" (जैसा अनुराग मोदी ने अपनी अपील में लिखा है)। 

इन जैसे प्रत्याशियों के पास धनबल कि कमी के कारण ही खांटी चुनावी कार्यकर्ताओं का अभाव है, इनकी उपस्थिति आदिवासी और अन्य ग्रामीण अंचलों में तो महसूस कि जा सकती है पर शहरी क्षेत्रों में ना के बराबर, संचार क्रांति के इस दौर में जब कि चुनाव सोशल वेबसाइटों के माध्यम से भी लड़ा जा रहा है मोदी कि आवाज़ ने कुछ ही सही पर रफ़्तार पकड़ी है, हालाँकि इन सोशल माध्यमों पर भी कांग्रेस और भाजपा के स्थानीय समर्थकों कि भरमार है।

अनुराग मोदी और शमीम मोदी इस चुनाव में अपनी सफलता को लेकर कितने आशावान है कहना मुश्किल है पर उनकी उपस्थिति इस चुनाव में कोई बड़ा उलटफेर करने में सहायक जरुर सिद्ध हो सकती है।

Thursday, 14 November 2013

चुनावी समर और हरदा - एक पड़ताल



दिन पर दिन सर्द होते जा रहे मौसम का असर है या चुनाव आयोग कि आचार संहिता की सख्ती का जोर, विधानसभा चुनाव को लेकर ना तो समर्थकों में जोश है और ना ही मतदाताओं में उत्साह, आज से अगर जोड़ा जाये तो कुल मिलकर 10 दिन और रह जाते है मतदान की तारीख को। इसके बावजूद न तो गांव की चौपाल पर चुनावी चर्चा का जोर है और न ही शहर की सड़कों पर हमेशा की तरह सुनाई देने वाला शोर।

पार्टी कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर पहले जैसी गहमा-गहमी नहीं है। अलबत्ता चुनाव मैदान में उतरे नेताओं में जरूर बेचैनी है। मतदान की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे उम्मीदवारों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। चुनाव आते हैं तो गांवों में खासी चहल-पहल होती है। गांव के भीतर सड़क किनारे खड़े पेड़ की छांव में जमा होकर लोग चुनावी बहस, कौन किस पर भारी पड़ेगा, कौन किसे शह देगा और किसकी मात होगी, जैसे सवालों को लेकर बहस में उलझे नजर आते थे। कई बार यह बहस आक्रामक तक हो जाती थी।

शहरी मतदाताओं के रुख को समझ पाना हमेशा से कठिन रहा है पर इस चुनाव में ग्रामीण अंचलों के मिज़ाज़ कि थाह पाना असंभव सा प्रतीत हो रहा है , आमतौर पर घरों और अपने अपने प्रतिष्ठानों पर झंडे, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स आदि से पटी सड़कों से लेकर आवासीय क्षेत्रों में छोटे-बड़े घरों से लेकर आलीशान इमारतें एकदम साफ-सुथरी हैं।

प्रत्याशियों की घोषणा के बाद टिकट से वंचित दावेदारों और उनके समर्थकों का गुस्सा सड़क पर तो जाहिर तौर पर नहीं है पर अंदर ही अंदर धधक और सुलगता हुआ महसूस किया जा सकता है इस भीतर लगी आग से भितरघात निश्चित रूप से दोनों प्रमुख दलों के लिए चिंता का सबब है। हरदा विधानसभा से भाजपा फिर एक बार कमल पटेल के कंधे पर सवार है तो कांग्रेस ने नए चेहरे आर. के. दोगने को मैदान में उतारा है। पुरे प्रदेश में यह शायद अपने आप में सबसे दुर्लभ स्थिति होगी कि कांग्रेस को जहाँ अपनी पार्टी के बागी प्रत्याशी और जेल में रहते हुए चुनावी समर में अपनी ताल ठोकते राजेंद्र पटेल के रूप में दोहरी चुनौती से पार पाना है तो भाजपा के कमल पटेल भी इस चुनौती से असहज और भारी पशोपेश में है जाहिर है कमल पटेल और राजेंद्र पटेल जाट बिरादरी से आते है और साथ ही साथ एक दूसरे से चली आ रही क़ानूनी लड़ाई को अब सरकारी अदालतों से आगे जनता कि अदालत में लड़ने के मानस के साथ चुनावी मैदान में है, राजेंद्र पटेल कि पुत्री कि और से समाचार पत्रों में जारी एक अपील ने इस चुनाव में जनता से आह्वान करते हुए अपने पिता और परिवार के लिए इंसाफ कि गुहार लगाई है।

वही दूसरी और कांग्रेस प्रत्याशी आर. के. दोगने क्षेत्र कि जनता को अपने स्थानीय होने का प्रमाण ही देते रहने तक सीमित हो गए है, हालाँकि दोगने अपने जातिगत वोटों और कांग्रेस के समर्थकों को एकजुट करने कि कोशिश में पूरी ताकत से लगे है पर लगता है अभी डगर राजधानी कि कठिन है।

हरदा विधानसभा से लगभग 104000 पुरुष और 94000 महिला मतदाता ( कुल 198376 ) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे इसमें से 30% युवा वोटरों पर सभी दलों का ध्यान केंद्रित है, बहरहाल चुनाव सर पर है और इस समय यह तो तय ही है कि ना तो भाजपा को कोई थाली में परोस कर विजयश्री देने वाला है और न ही कांग्रेस की कोई आरती उतारने वाला है। खैर इस चुनावी समर में हम साधारण और आम जनों को सावधान और सजग रहने कि आवश्यकता है, चाँद और सूरज से परे एक जहां और भी है जो गुलज़ार हमारे होने से है तो मुट्ठी बांधिए, उंगली दिखाइए, वोट डालिए और दे दीजिए सबको अपना जवाब। बना लीजिए अपनी सरकार!

अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करे .... !!