Sunday, 16 December 2012

तनकीद ... !!





मुनव्वर राणा साहब हिंदुस्तान की सरजमीं पर उर्दू अदब के एक ऐसे शायर हैं, जिनकी मकबूलियत मुल्क के गोशे-गोशे में तो फैली ही हुई है, मुल्क की सरहद के पार भी उनकी शायरी के मुरीद कम नहीं हैं। यूं तो मुनव्वर राणा की पैदाइश उत्तर प्रदेश के राय बरेली में हुई, लेकिन अपनी जिंदगी के तमाम रंज-ओ-गम और खुशनुमा लम्हों से उनका ज्यादातर साबका बंगाल की मौसिकी पसंद जमीं पर पड़ा। उन्होंने अपनी जिंदगी के तमाम बरस कोलकाता में गुजारे। बांग्ला जुबान के बीच रहते हुए उन्होंने उर्दू में अपनी बात कहना जारी रखा। मगर कहते हैं न कि खयाल किसी जुबान के दायरे में सिमट कर नहीं रहता। मुनव्वर राणा उर्दू के शायर होते हुए भी हिंदी और बांग्ला में भी उतनी ही शिद्दत से सुने जाते हैं, जिस मोहब्बत से उर्दू में। हिंदी और बांग्ला में भी उनकी रचनाएं प्रकाशित हुई हैं। उनकी शायरी की सबसे ज्यादा जिक्र के काबिल बात यह है कि गजल में जहां मोहब्बत की रस्म-ओ-वादों का जिक्र होता था, उन्होंने उस विधा में इसके बरअक्स कुछ अलग अंदाज में, कुछ अलग बात कही, मसलन हम कुछ ऐसे तेरे दीदार में खो जाते हैं, जैसे बच्चे भरे बाजार में खो जाते हैं।इश्क की जमीं पर ममता के आंचल की छांव राणा साहब की पहचान है। बकौल राहत इंदौरी, जहां मुनव्वर होते हैं, वहां मां का जश्न होता है। उनके तमाम अश्आर एक और खासियत भी नुमायां करते हैं। वे खुशफहमी पैदा करने वाले मुलायमियत से भरे अल्फाजों को कम ही तरजीह देते हैं। गजल को  कोठो - कोठियों, महलो और हरम के बीच से निकाल कर आम आदमियों के बीच पहुचाने का श्रेय जिन शायरों को जाता है..राणा साहब उनमे से एक हैं।

"खुद से चलकर नहीं ये तर्जे सुखन आया है, पांव दाबे हैं बुजुर्गों के तो ये फन आया है"  

वे उन शायरों की फेहरिस्त में शामिल हैं, जिन्होंने भाषायी बंदिशों को तोड़कर हिंदी, अवधी के अल्फाजों का बखूबी इस्तेमाल किया है। शायद इसीलिए वे हर जुबान के शायर बन चुके हैं।

पेश- ए- खिदमत है ... राणा साहब का एक अद्भुत सृजन ...!!

हम कुछ ऐसे तेरे दीदार में खो जाते है 
जैसे बच्चे भरे बाज़ार में खो जाते है 

मुस्तकिल जूझना यादो से बहुत मुश्किल है 
रफ्ता - रफ्ता सभी घरबार में खो जाते है 

इतना सासों की रफाकत पे भरोसा न करो 
सब के सब मिटटी के अम्बार में खो जाते है 

मेरी खुद्दारी ने अहसान किया है 
मुझ पर वर्ना जो जाते है, दरबार में खो जाते है  

कौन फिर ऐसे में तनकीद करेगा तुझ पर 
सब तेरे जुब्बा-ओ-दस्तार में खो जाते है  

==========================

मुस्तकिल         : निरंतर 
रफाकत         : साथ 
तनकीद         : आलोचना 
जुब्बा-ओ-दस्तार : शाही पहनावा 

No comments:

Post a Comment