निर्वाचन आयोग कि सख्ती का असर अपनी आँखों से देखा तो पता लगा कि इस चुनाव में इतनी शांति, साफ़-सफाई क्यों है, एक पार्टी के कार्यकर्त्ता कुछ बैनर पोस्टर और झंडे लेकर आये और कुछ एक घरों पर लगाकर चलते बनें और उनके ओझल होते ही एक टीम आती है और उन घरों को चिन्हित करते हुए दनादन उनके नाम दर्ज करना शुरू कर देती है घर मालिक कुछ समझ पाता उसके पहले उनका नाम दर्ज हो जाता है फिर अगले ही पल घर मालिक किसी अनहोनी के डर से वो झंडे बैनर पोस्टर जो भी है हाथों-हाथ उतार लेता है।
निर्वाचन आयोग चाहे जितना सख्त हो जाये पर आप इस बात को नकार नहीं सकते कि वर्त्तमान समय में बिन पैसे सब सुन है, कार्यकर्ताओं कि लम्बी फ़ौज़ और उनके बड़े बड़े पेट भी पालना होता है, १००-५० रु. से कुछ तो होता नहीं, सुबह से दोपहर आते आते हवा हो जाते है, शाम और रात का इंतज़ाम ? इन पर मदो पर होने वाला खर्च किसी किताब में दर्ज नहीं होता और मेरा तो मानना है कि यह एक बड़ी वज़ह होती है चुनाव के समय अपने समर्थकों का रैला दिखाने में।
इस विषय को आज इसलिए भी चुना क्योकि हरदा विधानसभा से एक और प्रत्याशी मैदान में है शमीम मोदी - समाजवादी जन परिषद् से जो पिछले कई सालों से अपनी और अपनी पार्टी कि और से संघर्ष कर रही है, उनकी और से दावा किया जाता है कि "वर्ष २००३ और आगे के सालों के दौरान हम जनता कि आवाज़ बनकर खड़े हुए जबकि हरदा कांग्रेस बेअसर और खौफ़जदा थी हमने आदिवासियो, दलितो, हम्मालों, हर गरीब के मामले में थामा। हमने माना कि दलित, आदिवासी, किसान और मजदूर सबको बाकी इंसानो कि ही तरह से इज्जत से जीने का अधिकार है। इतने सब के बाद भी, लोग वोट नहीं देते , तो फिर से क्यों इस झनझंट में फंस रहे है? असल में, हम उसे वायदे से बंधे है, जो हमने आप से लोगो से ज्यादा अपने आप से किया था. उन अपने साथी कार्यकर्ताओ से किया था, जो इतने आतंक के बाद भी डरे नहीं। हमने वायदा किया था, " चाहे हमारी गर्दन कट जाए, हम हरदा जिले में भय- भूख और भ्रष्ट्राचार का राज ख़त्म कर विकास का राज लायेंगे" (जैसा अनुराग मोदी ने अपनी अपील में लिखा है)।
इन जैसे प्रत्याशियों के पास धनबल कि कमी के कारण ही खांटी चुनावी कार्यकर्ताओं का अभाव है, इनकी उपस्थिति आदिवासी और अन्य ग्रामीण अंचलों में तो महसूस कि जा सकती है पर शहरी क्षेत्रों में ना के बराबर, संचार क्रांति के इस दौर में जब कि चुनाव सोशल वेबसाइटों के माध्यम से भी लड़ा जा रहा है मोदी कि आवाज़ ने कुछ ही सही पर रफ़्तार पकड़ी है, हालाँकि इन सोशल माध्यमों पर भी कांग्रेस और भाजपा के स्थानीय समर्थकों कि भरमार है।
अनुराग मोदी और शमीम मोदी इस चुनाव में अपनी सफलता को लेकर कितने आशावान है कहना मुश्किल है पर उनकी उपस्थिति इस चुनाव में कोई बड़ा उलटफेर करने में सहायक जरुर सिद्ध हो सकती है।

No comments:
Post a Comment