Friday, 10 February 2012

क्या हिंदी राष्ट्र भाषा बन पायेगी ?



भारत को मुख्यता हिंदी भाषी माना गया है। हिंदी भाषा का उदगम केंद्र  संस्कृत भाषा है। लेकिन समय के साथ संस्कृत भाषा का लगभग लोप होता जा रहा है। यही हाल हिंदी भाषा का भी हो सकता है, अगर इसके लिये कोई सार्थक प्रयास नहीं किए गए तो। भारतीय संविधान के तहत सभी सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों में हिंदी में कार्य करना अनिवार्य माना गया है ।

लेकिन शायद ही कहीं हिंदी भाषा का प्रयोग दफ्तर के कायों में होता हो। हर क्षेत्र में अंग्रेजी भाषा का बोलबाला है। किसी को अंग्रेजी भाषा का ज्ञान नहीं तो उसको नौकरी मिलना मुश्किल होता है। जबकि यह गलत कृत्य है सरासर भारतीय संविधान की अवहेलना है।

सच पूछिए तो भारतीय संस्कृति की यह धरोहर संकट में है और इसके विकास के नाम पर अब केवल पाखंड हो रहा है। जिस हिंदी ने भारतीय हिंदी सिनेमा को अपनी भाषा शैली और संवादों से समृद्धशाली बनाया है उसकी ताकत को ऐसे नज़रअंदाज किया जा रहा है जैसे कि वह उपयोगी नही है बल्कि परित्यक्ता है।

जब भारतवर्ष स्वतंत्र हुआ था तब भारतवासियों ने सोचा होगा कि उनके आजाद देश में उनकी अपनी हिंदी भाषा, अपनी संस्कृति होगी, लेकिन यह क्या हुआ? अंग्रेजों से तो भारतवासी आजाद हो गए, पर अंग्रेजी भाषा ने भारतवासियों को जकड़ लिया। हिंदी के मनीषियों लेखकों और साहित्यकारों ने हिंदी आंदोलन से जो सफलताएं हासिल की है उनमें भारत की आजादी भी प्रमुख है। देश में गैर हिंदी भाषा-भाषियों ने भी हिंदी भाषा को राष्ट्रीय एकता का एक सेतु कहा है। भारत के बाहर आज दुनिया में अमेरिका जैसे देश ने अपने यहां हिंदी के विकास के लिए बजट में भारी धन की व्यवस्‍था की गई है।

भारतीय संविधान के अनुसार हिंदी भाषी राज्यों को अंग्रेजी की जगह हिंदी का प्रयोग करना चाहिए। महात्मा गांधी के समय से राष्ट्रभाषा प्रचार समिति दक्षिण भारत नाम की संस्था अपना काम कर रही थी। दूसरी तरफ सरकार स्वयं हिंदी को प्रोत्साहन दे रही थी यानी अब हिंदी के प्रति कोई विरोधाभाव नहीं था।

देश के गुलामी के दिनों में यहां अंग्रेजी शासनकाल होने की वजह से, अंग्रेजी का प्रचलन बढ़ गया था। लेकिन स्वतंत्रता के पश्चात देश के कई हिस्सों को एकजुट करने के लिए एक ऐसी भाषा की जरूरत थी जो सर्वाधिक बोली जाती है, जिसे सीखना और समझना दोनों ही आसान हों।

एक-दो केंद्रीय मंत्रालयों एवं राज्य सरकारों को छोड़कर शेष अंग्रेजी के ही मकड़जाल में उलझी हैं। संसद भवन की कार्यवाही देखकर लगता ही नहीं कि यह वही स्थान है जहां हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में स्वीकार किया गया था। संघ लोकसेवा आयोग, बैंकिंग, कर्मचारी चयन आयोग, जैसी परीक्षा संस्थाओं सहित अधिकांश प्रतियोगी परीक्षाओं पर अंग्रेजी ही हावी है। यदि प्रचार-प्रसार, बोलने एवं व्यवहार करने वालों की दृष्टि से देखें तो निश्चय ही हिन्दी राष्ट्रभाषा बन चुकी है। उसके बोलने-समझने वाले भारतवर्ष में ही नहीं, भारत के बाहर यूरोप, खाडी देशों, अमेरिका, अफ्रीका, आस्ट्रेलिया एवं एशियाई देशों में तेजी से बढ़ रहे हैं।

हिन्दी का वर्तमान आज विश्व पटल पर जितना उजला है, भारत में वह उतना ही अंधकारमय दिखाई देता हे। विशेषकर , जब सरकारी विभागों में ही हिन्दी की अवहेलना व अंग्रेजी को सिर माथे पर बिठाया जाता हो, तब हिन्दी को देश की राष्ट्रभाषा की राह के अवरोध साफ दिखाई देते हैं। खेद तो इस बात का है कि केंद्र सरकार का मानव संसाधन विभाग एवं सूचना प्रसारण मंत्रालय तथा इनसे जुडे विभिन्न संस्थान, जिन्हें हिन्दी का सर्वाधिक प्रयोग करना चाहिए, उनके समस्त दस्तावेज, प्रपत्र व उनके द्वारा किये जाने वाले पत्र-व्यवहारों में अंग्रेजी का प्रभाव स्पष्ट देखा जा सकता है।

हिन्दी की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है। हर राज्य में अलग-अलग दौर से हमारी राष्ट्रभाषा गुजर रही है जिसके लिए हिन्दी के प्रचार-प्रसार से संबंधित संस्थानों को आगे आना होगा। और हिन्दी राष्ट्रभाषा है इस स्वाभिमान को पुन: जागृत करना होगा। हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाने की राह में जितने एवं जैसे भी अवरोध हैं, वे चाहे राजनैतिक हों अर्थात हिन्दी की ठेकेदारी करने वाले दोगले लोगों की जमात हो, इन सबको ध्वस्त करने की मुहिम चलाकर, जैसे भी हो हिन्दी को भारत की प्रतिष्ठापूर्ण राष्ट्रभाषा के सम्मानजनक स्थान पर स्थापित करना है। वर्तमान समय में हिन्दी के ध्वज वाहकों के सामने बड़ी चुनौतियां है। हिन्दी को राष्ट्रभाषा बनाने का सवाल है। हिन्दी को बाजार की दासी नहीं, बल्कि शासन करने वाली भाषा बनाई जाये। तभी २१ वीं सदी में हिन्दी का झंडा फिर से लहरायेगा। वस्तुत: राष्ट्रभाषा के विकास से ही भारत का विकास संभव है।

हिन्दी क्या है...। इस प्रश्न के उत्तर में मस्तिष्क में कई जवाब उमड़-घुमड़ रहे हैं। लेकिन जवाबों की उथल-पुथल में एक जवाब मुझे बेहद सटीक लग रहा है। मुझे लगता है हिन्दी एक हाथी की तरह है। वह इसलिए क्योंकि हिन्दी पर भारत की ३५ लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का आधा हिस्सा टिका है। यानी अर्थव्यवस्था का आधा भाग हिन्दी के बाजार से चल रहा है।

इतना ही नहीं, २९ हजार करोड़ का टीवी कारोबार भी इसी भाषा पर टिका है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तो अंगरेजी चैनल भी हिन्दी के विज्ञापन दिखाने लगे हैं। ...और तो और, भारत जैसे देश में जहां पढ़े-लिखों की संख्या सिर्फ अढ़तालीस करोड़ के करीब है, वहां लगभग १८ करोड़ लोग रोजाना हिन्दी का अखबार खरीदते हैं। दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री भी हमारे यहां हैं, जहां सालाना लगभग ५५० नई फिल्में बनती है जिनमें हिन्दी की लगभग १०० से अधिक फिल्में शामिल हैं जिससे हजारों करोड़ का कारोबार होता है।

बहरहाल, हिन्दी एक हाथी की तरह क्यों है? क्योंकि हाथी की तरह हिन्दी की सूंड पकड़कर फिल्म वाले बता रहे हैं कि हिन्दी की फिल्मों में अंगरेजी का प्रयोग कैसे किया जाए। हिन्दी का पैर पकड़कर टीवी वाले खासकर खबरिया चैनल लोगों को बता रहे हैं कि किस तरह से हिन्दी के नाम पर आप कैसी भी खबरें परोस सकते हैं। हिन्दी के विशाल धड़ की आड़ में अखबार व पत्रिकाएं सरकारें बनाती व बिगाड़ती हैं और कम से कम इस भाषा का दम तो भरती हैं।

वर्तमान में हिन्दी भाषा स्वयं के हित में नहीं बल्कि बाजार के हित में तैयार हो रही है। लोग हिन्दी का प्रयोग करके उसका बाजार फैलाना चाहते हैं। वर्तमान में हिन्दी बाजार के उद्देश्य से चल रही है, इसका जीवंत उदाहरण यह है कि इसे बोली में तब्दील कर दिया गया है व इसके भाषिक रूप को नष्ट किया जा रहा है। समय के हिसाब से भाषा में परिवर्तन आता है लेकिन उसमें किसी अन्य भाषा को थोपना कहां तक उचित है।

हिन्दी का बाजारीकरण करने को उतारु लोग उसे लिपि से अलग करने की कोशिश कर रहे हैं। अब लोग हिन्दी को रोमन लिपि में पढ़ते हैं। हिन्दी फिल्मकार और अदाकार हिन्दी फिल्में बनाते व उसमें काम करते हैं लेकिन उसकी  पटकथा अंगरेजी में होती है।

हिन्दी पढ़ना तो क्या उन लोगों को ठीक से हिन्दी बोलना भी नहीं आती। मनोरंजन ही नहीं मीडिया, शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी स्थिति यही है। ये सारी बातें भाषा के खिलाफ है। भाषा का विकास उसके लगाव से होता है। अब जब लोगों को अपने स्वार्थ से लगाव है तो भला हिन्दी या उससे प्यार करने वालों का भला कैसे हो सकता है। इस लिहाज से देखें तो केवल हिन्दी ही नहीं वरन समूची भारतीय भाषाओं का अस्तित्व खतरे में है।

संस्कृत और हिन्दी देश के दो भाषा रूपी स्तंभ हैं जो देश की संस्कृति, परंपरा और सभ्यता को विश्व के मंच पर बखूबी प्रस्तुत करते हैं। आज विश्व के कोने-कोने से विद्यार्थी हमारी भाषा और संस्कृति को जानने के लिए हमारे देश का रुख कर रहे हैं।

हिन्दी भाषा को हम राष्ट्रभाषा के रूप में पहचानते हैं। हिन्दी भाषा विश्व में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली तीसरी भाषा है। विश्व में ५०० से ६०० मिलियन लोग हिन्दी भाषी हैं।

हाल ही में गुजरात उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश महोदय ने गुजरात में हिंदी को विदेशी भाषा घोषित कर दिया. हमें मामले के गुण-दोष से कोई मतलब नहीं है लेकिन जिस भाषा का प्रयोग इस निर्णय में किया गया है वह न सिर्फ हिंदी को अपमानित करने वाला है बल्कि देश की एकता और अखंडता पर भी ऐसे निर्णयों से बडा खतरा पैदा हो सकता है. इस निर्णय के द्वारा भारत देश की गणतांत्रिक व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ा दी गई हैं. भारत गणतंत्र में कई राज्य  समान अधिकार और समान सम्मान की भावना के साथ सम्मिलित हैं. यदि उच्च न्यायालय सरीखे संस्थान ऐसा काम कर रहे हैं तो छतीसगढ़ मैं नक्सली, बंगाल मैं माओवादी, असम में बोडो उग्रवादी, त्रिपुरा में प्रथकतावादी और कश्मीर के उग्रवादियों में फर्क ही क्या रह गया........!!

हिन्दी हमारी मातृ भाषा थी मगर आज यह 'मात्र' भाषा बनकर रह गई है।





No comments:

Post a Comment