Monday, 2 April 2012

पं. कुमार गंधर्व : स्वर साधना .. का .. विद्रोह ..!!





वर्ष १९२४ में जब संपूर्ण भारत वर्ष आजादी  के लिए आंदोलित था उस समय भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं गायकी के क्षेत्र मे एक नए  आन्दोलन तथा विद्रोह के रूप में ८ अप्रैल १९२४ को कर्नाटक के धारवाड़ मे जन्म हुआ "शिवपुत्र सिद्धरामैया कोमकाली" (पं. कुमार गंधर्व)  का । बाल्यावस्था से ही संगीत के प्रति समर्पण के चलते पं. कुमार गंधर्व का मन संगीत साधना मे अपने पिता सिद्धरामैया जी (किराना घराना), उस्ताद अब्दुल करीम खान और पंचाक्षरी जी जैसे उत्तरी कर्नाटक के प्रभावशाली संगीतकारों के सानिध्य मे रम गया । 

१९३० के दशक के दौरान "शिवपुत्र सिद्धरामैया कोमकाली" की विधिवत भारतीय शास्त्रीय संगीत की शिक्षा प्रो. बी. आर. देवधर एवं अंजनी बाई मालपेकर की देखरेख में प्रारंभ हुई,  प्रो. बी. आर. देवधर  ने वास्तव मे उन्हें एक बेटे के रूप में अपनाया और विश्व्द्रष्टि के साथ  एक आदर्श वातावरण में संगीत जगत के इस अदभुत व्यक्तित्व को पोषित किया, अभिनव प्रतिभा के धनी और अपनी विशिष्ट गायन शैली के कारण उन्हें "कुमार गंधर्व" कहा जाने लगा (गंधर्व हिन्दू परम्परा में संगीत के देवता हैं) और उन्हें एक कौतुक के रूप में अपनी प्रतिष्ठा स्थापित करने के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ा, सर्वप्रथम १९३६   में बारह वर्ष के "शिवपुत्र सिद्धरामैया कोमकाली" ने एक प्रमुख संगीत समारोह में प्रभावशाली एवं अग्रणी संगीतकारों के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, उन्होंने ३० मिनट के गायन में संगीत समुदाय पर एक प्रभावशाली, और अविश्वसनीय प्रभाव बनाया ।

प्रो. देवधर ग्वालियर परम्परा के अनुयायी थे तथा वे इसी परम्परा के अंतर्गत संगीत शिक्षा प्रदान कर रहे थे परन्तु "कुमार गंधर्व" को उन्होंने संगीत  के क्षेत्र  में अपना दृष्टिकोण व् किसी भी घराने के अनुरूप अपनी शैली विकसित करने की अनुमति  उदार मन से प्रदान की, इसी के फलस्वरूप "कुमार गंधर्व" ने  घराने आधारित संगीत का त्याग कर भारतीय शास्त्रीय संगीत की परम्परा व् घराने के दायरे के भीतर रहने से इंकार कर दिया और विद्रोह कर दिया हालांकि कभी  भी "कुमार गंधर्व" जी के समर्पण, समझ और बौद्धिक और भावनात्मक गहराई पर सवाल नहीं उठाया गया ।


वर्ष १९४० मे "कुमार गंधर्व" जी का विवाह भानुमती ताई के साथ हुआ , भानुमति ताई स्वयं भी एक गायिका थीं । वर्ष १९४७ के आसपास मात्र २५ बरस के "कुमार गंधर्व" जी तपैदिक - 'टीवी' के शिकार हो गए इस बीमारी के चलते कुमार साहब के फेफड़ो में घातक संक्रमण हो गया जिसके कारण उनके फेफड़ो की सर्जरी करना पड़ी । डाक्टरों की सख्त हिदायत के चलते उनके गायन पर विराम लग गया और शुष्क वातावरण में स्वास्थ लाभ लेने के उदेश्य से पं. कुमार गंधर्व जी मध्य प्रदेश के मालवा आँचल के देवास आए,  तारीख  थी ३० जनवरी १९४८ इसी दिन दिल्ली में नाथुराम गो़डसे ने महात्मा गाँधी की हत्या कर दी थी । मालवा में स्वास्थ्य लाभ के जीवन की शुरुआत शुभ मुहुर्त में नहीं हुई थी ।

भानुताई ने ग्रहस्थी की सारी जिम्मेदारियों को अपने हाथो में लेते हुए देवास के ही स्कुल में अध्यापन का कार्य शुरू कर दिया तथा कुमार गंधर्व जी के इलाज का हर मुमकिन इंतजाम बखूबी किया,  भानु ताई जितनी सुन्दर थी उतनी ही कुशल गृहणी भी थी ।  कुमार गंधर्व जी स्वस्थ होकर फिर से अपनी अभिनव शैली में गायन व् स्वर साधना कर सके इसका पूरा श्रेय भानुताई को जाता हैं । कुमार गंधर्व जी देवास के जिस घर में स्वास्थ लाभ ले रहे थे वो जगह शहर से बाहर थी, उस जगह अक्सर हाट बाज़ार लगता था । बिस्तर पर पड़े पड़े मालवी के खांटी स्वर महिलाओं से सुने । वहीं पग- पग पर गीतों से चलने वाले मालवी लोक  जीवन से उनका साक्षातकार हुआ ।

शास्त्रीय संगीत में वे पारंगत थे ही और भारतीय शास्त्रीय गायन के क्षेत्र में उनका नाम भी था । लेकिन स्वस्थ होने और नव जीवन पाने के साथ साथ उनमें एक गायक का भी जन्म हुआ । १९५२ के बाद जब वे स्वस्थ होकर गाने लगे तो पुराने कुमार गन्धर्व नहीं रह गये थे । पर उन्होंने इस चुनोती को भी सहर्ष स्वीकार कर अपने अजित स्वर रथ के साथ कुच कर दिया ।

कुमार साहब ने एक महफिल के दौरान एक बड़ी ही प्रेरक बात बताई उन्होंने कहा की स्वास्थ लाभ के दौरान "गोरैया" से उन्हें प्रेरणा मिली,  गोरैया अपने छोटे आकार के बाबजूद प्रभावशाली आवाज़ की मालकिन होती हैं । बिस्तर पर आराम करते - करते वे ध्यान से आसपास से उठने वाले  ग्रामवासियों के लोकगीतों के स्वरों को सुना करते थे। वे उन लोकगीतों और लोक धुनों की और आकर्षित होते चले गये, इससे उन्हें एक नये विश्व का दर्शन प्राप्त हुआ । उन्होंने मालवी संगीत को सुनना व् उनका दस्तावेजीकरण शुरू कर दिया , उनको अपने ज़माने का प्रख्यात संगीत वैज्ञानिक माना जाता था, उन्होंने अपनी कल्पनाशीलता की ताकत से कई नई रागों की खोज कर उन्हें मौलिकता के साथ  प्रस्तुत कर अपनी विशिष्ट गायन शैली का सृजन किया । इनमे  प्रमुख हैं “मधसुर्जा, अहिमोहिनी , सहेली तोदी, बीहड़ भैरव, लगन गांधार, संजारी, मालावती, और निंदियारी,” आदि ।

कुमार गंधर्व जी ने अपनी असाधारण काव्यात्मक संवेदनशीलता के साथ अपनी उपजाऊ मधुर कल्पना को संयुक्त रूप से इस्तेमाल कर बंदिश की रचना में, व गीत, राग और ताल के बीच एक संपूर्ण अनुकूलता हासिल की, उन्होंने दुसरो के द्वारा रचित कविताओ को मौलिकता के साथ साहित्यिक व् संगीत समारोह मे प्रस्तुत किया इनमे प्रमुख है कबीर, सूरदास, तुलसीदास, तुकाराम और मीरा बाई द्वारा लिखी भक्ति कविता ।  कुमार साहब के संगीत की एक और ख़ास  विशेषता थी उनकी आवाज की तैनाती की अपनी अनोखी शैली, ऊर्जा, अप्रत्याशित चुप्पी, और लय और मात्रा में नाटकीय रूप से परिवर्तन ।


कुमार गंधर्व जी के सबसे यादगार संगीत कार्यक्रमों में प्रमुख है "मौसमी श्रृंखला" (गीत वर्षा, गीत हेमंत और गीत वसंत), "त्रिवेणी" कबीर, सूरदास, मीराबाई की कविता की अपनी रचनाएं  पेश माला उमाज्लेले  बाल गंधर्व,  "तुलसी - एक दर्शन" और "तुकाराम - एक दर्शन", रामचरित मानस से छंद प्रतिपादन, और संत तुकाराम के अभंगा आदि ।


वर्ष १९५५ में "कुमार साहब" को 'मुकुल शिवपुत्र' के रूप में पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई तथा वर्ष १९६१ में भानुमती ताई का देहावसान हो गया इसके पश्चात “कुमार साहब” ने वसुंधरा जी के साथ अपना नया वैवाहिक जीवन प्रारंभ किया, वसुंधरा कोमकालीमठ जी शास्त्रीय संगीत की उम्दा गायिका थी, उन्होंने भजन गायन में कुमार साहब के साथ एक यादगार जोड़ी बनाई , वसुंधरा कोमकालीमठ जी से कुमार साहब को "कलापिनी कोमकालीमठ" के रूप  में पुत्री प्राप्त हुई ।


अपनी स्वर साधना को विराम देते हुए पं. कुमार गंधर्व जी १२ जनवरी १९९२ को देवास से ही परलोक यात्रा पर चल दिए  उनके जाने के बाद उनके पुत्र "मुकुल शिवपुत्र", पुत्री "कलापिनी कोमकालीमठ", मधुप मुदगल, शुभा मुदगल, विजय सरदेशमुख और सत्यशील देशपांडेय ने पं. कुमार गंधर्व जी की स्वर साधना, उनकी विचारधारा एवं विशिष्ट शास्त्रीय गायन कला की अलख को लगन के साथ आज भी प्रज्जल्लित कर रखा हैं तथा "भुवनेश मुकुल शिवपुत्र" (कुमार गन्धर्व जी का पोता) के रूप में इसे और आगे ले जाने का संकल्प ले रखा हैं ।




कुमार गंधर्व जी को स्वर साधना तथा संगीत के क्षेत्र विशिष्ट योगदान के लिए पद्म भूषण, पद्म विभूषण, कालिदास सम्मान, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, और अकादमी की फैलोशिप जैसे सम्मानों के साथ विभूषित किया गया था।
कुमार गंधर्व जी एकमात्र ऐसे संगीतज्ञ हुए हैं जिन्होंने मालवांचल की बोली मालवी और उसके लोकगीतों को बंदिशों का स्वरूप दिया । लोक संगीत को शास्त्रीय से भी ऊपर ले जाने वाले कुमार गंधर्व जी ने कबीर को जैसा गाया वैसा कोई नहीं गा सकेगा । कालिदास के बाद कुमार गंधर्व जी मालवा के सबसे दिव्य सांस्कृतिक विभूति हैं ।

निर्भय निर्गुण गुण रे गाऊंगा
सुनता है गुरु ज्ञानी ।
उड जाएगा हंस अकेला ।
एक घड़ी।
कोण ठगवा नगरिया लुटल हो।
अवधुता ...।
उठी उठी सखी सब मंगल गाओजी ..।
म्हारे नेणा आगे राहियों जी जी जी ..।
नेहरवा हमका न भावे...।

ॐ तत सत 

4 comments:

  1. आपके ब्लॉग पर आकर बेहद ख़ुशी हुई है..आपकी रचना शैली बेहद उम्दा है ! बधाई !

    ReplyDelete
    Replies
    1. अभिनन्दन,सुरेश जी ..सादर आभार ..!!

      Delete
  2. अति उत्तम ! समस्त तन्मयता के साथ एकत्रित जानकारियोँ के साथ तैयार किया यह लेख कुमार गन्धर्व जी के जीवन पर प्रभावी रुप से प्रकाश डालने मेँ सफल ।
    शिशिर जी शुभकामनाएं ..

    ReplyDelete
    Replies
    1. सादर नमन .. भाई सा. .. आपके आशीष वचनों से मन प्रफुल्लित हो गया .. !!

      Delete