Saturday, 4 August 2012

किशोर कुमार खंडवा वाले ..!!


अपनी जादुई आवाज से कई पीढ़ियों की रूह को छूने वाले किशोर कुमार खंडवा वाले ने हिंदी सिनेमा में पार्श्‍व गायन को जो ऊंचाई प्रदान की है उसका आज तक कोई सानी नहीं है, हिन्दी सिने जगत में 'किशोर दा" के नाम से  लोकप्रिय "आभास कुमार गांगुली" का जन्म मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में ४ अगस्त १९२९ में हुआ था।

उनके पिता कुंजलाल गांगुली एक बड़े वकील थे और माँ गौरी देवी एक नामी रहीस परिवार से थी। उनके 2 भाई और एक बहन थी – अशोक कुमार, अनूप कुमार और सती देवी। किशोर दा के हिन्दी सिने जगत मे कदम रखने से पहले ही अशोक कुमार एक विख्यात अभिनेता बन चुके थे। सो उनके साथ रहते रहते ही किशोर की फिल्मों में दिलचस्पी बढ़ी और उन्ही की वजह से वे एस.डी.बर्मन के संपर्क और नज़र में आए। किशोर दा की प्रतिभा को ढूँढने का श्रेय संगीतकार एस. डी. बर्मन को ही जाता है जिन्होने किशोर दा को उनके घर गाते सुना । किशोर दा तब के. एल. सहगल की नकल करते थे। पर बर्मन साहब की सलाह पर उन्होने अपनी खुद की शैली विकसित की।

किशोर दा ना सिर्फ़ एक उम्दा गायक थे, अभिनेता, गीतकार, निर्माता, लेखक और निर्देशक भी थे। उन्होने अपने फिल्मी पेशे की शुरुआत एक अभिनेता के रूप में फिल्म शिकारी(1946) से की। खेम चंद प्रकाश ने उन्हे फिल्म " ज़िद्दी - १९४८ "में गाने का मौका दिया जिसमे उन्होने अपना पहला ' गाना मरने की दुआएं क्यू मांगू ' गाया।  अभिनेता के रूप में उन्होने और भी कई फिल्में की पर उनका दिल गीत गानो में रहा ।

अपनी जादुई मखमली आवाज से श्रोता को झुमने के लिए मजबूर कर देने वाले किशोर कुमार के गले से बचपन में सही ढंग से आवाज नहीं निकलती थी, जिसे लेकर उनके माता-पिता परेशान रहते थे. उसी दौरान एक हादसे ने उनके भीतर एक ऐसी सुरीली आवाज पैदा कर दी जो आगे चलकर लोगों के जेहन में हमेशा के लिए घर कर गई। किशोर दा के साथ काम कर चुके और उनके पारिवारिक मित्र रहे अभिनेता रजा मुराद ने एक बार चर्चा के दौरान इस बात का खुलासा किया था की,  ‘किशोर दा ने मुझे एक बार बताया था कि बचपन में उनकी आवाज गले से नहीं निकलती थी. इसको लेकर उनके माता-पिता परेशान रहते थे।' उन्होंने कहा, ‘किशोर दा का पैर एक बार हंसिये पर पड़ गया और वह इतना रोए कि उनमें यह ‘जादुई आवाज’ पैदा हो गई. वह अपनी सुरीली आवाज के लिए इसी हादसे को श्रेय देते थे।’ 

शुरू में किशोर दा को एस डी बर्मन और अन्य संगीत कारों ने अधिक गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें हल्के स्तर के गीत गाने का अवसर ही दिया, लेकिन किशोर कुमार ने 1957 में बनी फिल्म "फंटूस" में 'दुखी मन मेरे' गीत से अपनी ऐसी धाक जमाई कि जाने माने संगीतकारों को किशोर कुमार की प्रतिभा का लोहा मानना पड़ा। इसके बाद एसडी बर्मन ने किशोर कुमार को अपने संगीत निर्देशन में कई गीत गाने का मौका दिया। आर डी बर्मन के संगीत निर्देशन में किशोर कुमार ने 'मुनीम जी', 'टैक्सी ड्राइवर', 'फंटूश', 'नौ दो ग्यारह', 'पेइंग गेस्ट', 'गाईड', 'ज्वेल थीफ़', 'प्रेमपुजारी', 'तेरे मेरे सपने' जैसी फिल्मों में अपनी जादुई आवाज से फिल्मी संगीत के दीवानों को अपना दीवाना बना लिया। एक अनुमान के किशोर कुमार ने वर्ष 1940 से वर्ष 1980 के बीच के अपने करियर के दौरान करीब 574 से अधिक गाने गाए। किशोर कुमार ने हिन्दी के साथ ही तमिल, मराठी, असमी, गुजराती, कन्नड़, भोजपुरी, मलयालम और उड़िया फिल्मों के लिए भी गीत गाए। किशोर कुमार को आठ फिल्म फेयर अवार्ड मिले, उनको पहला फिल्म फेयर अवार्ड 1969 में आराधना फिल्म के गीत 'रूप तेरा मस्ताना प्यार मेरा दीवाना' के लिए दिया गया था। किशोर कुमार की खासियत यह थी कि उन्होंने देव आनंद से लेकर राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन के लिए अपनी आवाज दी और इन सभी अभिनेताओं पर उनकी आवाज ऐसी रची बसी मानो किशोर खुद उनके अंदर मौजूद हों। किशोर कुमार ने 81 फ़िल्मों में अभिनय किया और 18 फिल्मों का निर्देशन भी किया। फ़िल्म 'पड़ोसन' में उन्होंने जिस मस्त मौला आदमी के किरदार को निभाया वही किरदार वे जिंदगी भर अपनी असली जिंदगी में निभाते रहे।

किशोर दा  इन्दौर के क्रिश्चियन कॉलेज में पढ़े थे और उनकी आदत थी कॉलेज की कैंटीन से उधार लेकर खुद भी खाना और दोस्तों को भी खिलाना। वह ऐसा समय था जब 10-20 पैसे की उधारी भी बहुत मायने रखती थी। किशोर कुमार पर जब कैंटीन वाले के पाँच रुपया बारह आना उधार हो गए और कैंटीन का मालिक जब उनको अपने एक रुपया बारह आना चुकाने को कहता तो वे कैंटीन में बैठकर ही टेबल पर गिलास, और चम्मच बजा बजाकर पाँच रुपया बारह आना गा-गाकर कई धुन निकालते थे और कैंटीन वाले की बात अनसुनी कर देते थे। बाद में उन्होंने अपने एक गीत में इस पाँच रुपया बारह आना का बहुत ही खूबसूरती से इस्तेमाल किया। शायद बहुत कम लोगों को पाँच रुपया बारह आना वाले गीत की यह असली कहानी मालूम होगी।

किशोर दा के लिए 1970 और 80 का दशक बेहद खास रहा। इस दौरान उन्होंने कई ऐसे गीत गाए, जो आज भी लोगों की रूह को छू जाते हैं। ‘जिंदगी एक सफर है सुहाना’ ‘ये जो मोहब्बत है’, ‘एक रास्ता है जिंदगी’ और ‘मंजिले अपनी जगह’ जैसे सैकड़ों गीत हैं, जो संगीतप्रेमियों के जेहन में हमेशा के लिए घर कर गए हैं। 

ताउम्र खुद को किशोर कुमार खंडवावाले कहलाने में गर्व महसूस करने वाले किशोर दा ने 13 अक्तूबर, 1987 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार, उनकी जन्मस्थली खंडवा स्थित उनके पैतृक आवास पर किशोर कुमार के गीत संगीत का एक संग्रहालय बनाया गया है।

हिंदी सिनेमा में आज तक एक ही गाना बना है जिसे पूर्ण रूप से हिंदी भाषा में रचा गया है। यह गाना वर्ष १९७१ में फिल्म "हम तुम और वोह" में किशोर दा ने गाया था। आज भी इस आने का कोई मुकाबला नहीं।


प्रिये
प्रिये
प्रिये
प्रिये प्रानेस्वरी, ह्रिदेस्वरी 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
प्रिये प्रानेस्वरी

ये चक्षु तेरे चंचल चंचल 
ये चक्षु तेरे चंचल चंचल 
ये कुंतल भी श्यामल श्यामल
ये अधर धरे जीवन ज्वाला
ये रूप चन्द्र शीतल शीतल 
ओ कामिनी 
ओ कामिनी प्रेम विशेष करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 

हो संचित पावों की आशा 
हो संचित पावों की आशा 
सुन व्यतीत हृदय की मधुर भाषा
सर्वस्व समर्पन कर दें हम 
करूं पूर्ण हमारी अभिलाषा 
गज गामिनी
गज गामिनी दूर कलेस करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
प्रिये प्रानेस्वरी

हम भ्रमर नहीं इस योवन के
हम भ्रमर नहीं इस योवन के
हम याचक हैं मन उपवन के
हम भाव पुष्प कर दें अर्पण 
साकार करो सपने मन के
मन मोहिनी
मन मोहिनी मन में प्रवेश करें
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
यदि आप हमें आदेश करें तो 
प्रेम का हम श्री गणेश करें 
प्रिये प्रानेस्वरी....

No comments:

Post a Comment