Wednesday, 1 August 2012

एक थी मीना ....!!


हिन्दी सिनेमा' जगत में ट्रेजडी क्वीन के खिताब से नवाज़ी गई मशहूर अदाकारा और उच्चकोटि की शायरा महजबीं आरा, चीनी, बेबी मीना, मीना कुमारी, नाज और मंजू ने हिन्दी सिनेमा' जगत में जिस मुकाम को हासिल किया वो आज भी अस्पर्शनीय है। मीना कुमारी जितनी उच्चकोटि की अदाकारा थीं उतनी ही आला-दर्जे की शायरा भी थी। उन्होंने अपने दिली जज्बात और गम के रिश्तों को अपने लफ्जों के द्वारा जो जज्बाती शक्ल अपनी शायरी में दी, वह बहुत कम कलमकारों के बूते की बात होती है। गम का ये दामन शायद 'अल्लाह ताला' की वदीयत थी जैसे। तभी तो कहा उन्होंने -

कहाँ अब मैं इस गम से घबरा के जाऊँ
कि यह ग़म तुम्हारी वदीयत है मुझको   

मीना कुमारी का जन्म थिएटर नर्तकी इकबाल बानो और हारमोनियम बजाने वाले मास्टर अली बख्श की तीसरी संतान के रूप में १- अगस्त - १९३२ को हुआ, जन्म होने के तुरंत बाद, उनके पिता के पास अस्पताल का बिल भरने के लिए पैसे न होने की वजह से, कुछ घंटे के लिए उन्हें यतीमख़ाने में गुज़ारने पड़े थे । कुछ समय पश्चात, अस्पताल के बिल की रकम अदा करके, उनके पिता उन्हें यतीमख़ाने से वापस घर ले गये थे। उन्होंने उसका नाम रखा महजबीं आरा। महजबीं की आंखें छोटी-छोटी थीं, इसलिए घरवालों ने प्यार से उन्हें चीनी बुलाना शुरू कर दिया, क्योंकि चीन के लोगों की आंखें छोटी होती हैं। पिता अली बख्श रंगीन मिजाज के व्यक्ति थे। घर की नौकरानी से नजरें चार हुईं और खुले आम रोमांस चलने लगा। परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। मां की बीमारी और पिता की बेकारी ने महजबीं को बचपन में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों में काम करने के लिए मजबूर कर दिया। मात्र चार साल की उम्र में उन्होंने प्रकाश पिक्चर्स की 'लेदर फेस' में पहली बार काम किया । उस समय उनका नाम रखा गया 'बेबी मीना' । इस नाम से उन्होंने कई फिल्मों में काम भी किया । महज़बीं को अपने पिता से नफरत सी हो गई और पुरुष का स्वार्थी चेहरा उसके जेहन में दर्ज हो गया ।  होमी वाडिया की फिल्म बच्चों का खेल में बेबी मीना ने पहली बार बतौर हीरोइन रोल किया। वे इस फिल्म से 'मीना कुमारी' के नाम से विख्यात हुई और फिर इसी नाम से आखिरी फिल्म गोमती के किनारे तक लगातार काम करती रहीं।

मीना कुमारी को 'नाज' नाम से भी जाना जाता था। उन्हें शायरी से गहरा लगाव था और खुद भी आला दर्जे की शायरी करती थीं। शायरी के लिए वे उपनाम 'नाज' का इस्तेमाल करती थीं। मीना कुमारी को छठा नाम उनके पति कमाल अमरोही ने दिया था। वे मीना को प्यार से मंजू कहते थे। यहां तक कि मीना कुमारी से अनबन हो जाने के बाद भी कमाल अमरोही ने उन्हें जो खत लिखे, उनमें उन्हें मेरी मंजू ही लिखा।


फिल्म बैजू बावरा (१९५२) से मीना कुमारी के नाम से मशहूर और लोकप्रिय महजबीं ने अपने पिता की इमेज को धकियाते हुए उससे हमदर्दी जताने वाले कमाल अमरोही के व्यक्तित्व में अपना सुनहरा भविष्य देखा। वे उनके नजदीक होती चली गईं। नतीजा यह रहा कि दोनों ने निकाह कर लिया। लेकिन यहाँ उसे कमाल साब की दूसरी बीवी का दर्जा मिला। उनके निकाह के एकमात्र गवाह थे जीनत अमान के अब्बा अमान साहब। 


कमाल अमरोही और मीना कुमारी की शादीशुदा जिंदगी करीब दस साल तक एक सपने की तरह चली। मगर संतान न होने से उनके संबंधों में दरार आने लगी। फिल्म फूल और पत्थर (१९६६) के नायक ही-मैन धर्मेन्द्र से मीना की नजदीकियाँ, बढ़ने लगीं। इस दौर तक मीना एक सफल, लोकप्रिय तथा बॉक्स ऑफिस सुपर हिट हीरोइन के रूप में अपने को स्थापित कर चुकी थीं। 


धर्मेन्द्र का करियर डाँवाडोल चल रहा था। उन्हें मीना का मजबूत पल्लू थामने में अपनी सफलता महसूस होने लगी। गरम धरम ने मीना की सूनी-सपाट अंधेरी जिंदगी को एक ही-मैन की रौशनी से भर दिया। कई तरह के गॉसिप और गरमा-गरम खबरों से फिल्मी पत्रिकाओं के पृष्ठ रंगे जाने लगे। इसका असर मीना-कमाल के रिश्ते पर भी हुआ।


मीना कुमारी का नाम कई लोगों से जोड़ा गया। फिल्म बैजू बावरा के निर्माण के दौरान नायक भारत भूषण भी अपने प्रेम का इजहार मीना के प्रति कर चुके थे। जॉनी राजकुमार को मीना कुमारी से इतना इश्क हो गया कि वे मीना के साथ सेट पर काम करते अपने संवाद भूल जाते थे। 


बॉलीवुड के जानकारों के अनुसार मीना-धर्मेन्द्र के रोमांस की खबरें हवा में बम्बई से दिल्ली तक के आकाश में उड़ने लगी थीं। जब दिल्ली में वे तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राधाकृष्णन से एक कार्यक्रम में मिलीं तो राष्ट्रपति ने पहला सवाल पूछ लिया कि तुम्हारा बॉयफ्रेंड धर्मेन्द्र कैसा है? 


इसी तरह फिल्मकार मेहबूब खान ने महाराष्ट्र के गर्वनर से कमाल अमरोही का परिचय यह कहकर दिया कि ये प्रसिद्ध स्टार मीना कुमारी के पति हैं। कमाल अमरोही यह सुन नीचे से ऊपर तक आग बबूला हो गए थे। धर्मेन्द्र और मीना के चर्चे भी उन तक पहुँच गए थे। उन्होंने पहला बदला धर्मेन्द्र से यह लिया कि उन्हें पाकीजा से आउट कर दिया। उनके स्थान पर राजकुमार की एंट्री हो गई। कहा तो यहाँ तक जाता है कि अपनी फिल्म रजिया सुल्तान में उन्होंने धर्मेन्द्र को रजिया के हब्शी गुलाम प्रेमी का रोल देकर मुँह काला कर दिया था। 


गुरुदत्त की फिल्म साहिब, बीवी और गुलाम की छोटी बहू परदे से उतरकर मीना की असली जिंदगी में समा गई थी। मीना कुमारी पहली तारिका थीं, जिन्होंने बॉलीवुड में पराए मर्दों के बीच बैठकर शराब के प्याले पर प्याले खाली किए। धर्मेन्द्र की बेवफाई ने मीना को अकेले में भी पीने पर मजबूर किया। वे छोटी-छोटी बोतलों में देसी-विदेशी शराब भरकर पर्स में रखने लगीं। जब मौका मिला एक शीशी गटक ली। 


दादा मुनि अशोक कुमार, मीना कुमारी के साथ अनेक फिल्में कर चुके थे। एक कलाकार का इस तरह से सरे आम मौत को गले लगाना उन्हें रास नहीं आया। वे होमियोपैथी की छोटी गोलियाँ लेकर इलाज के लिए आगे आए। लेकिन जब मीना का यह जवाब सुना 'दवा खाकर भी मैं जीऊँगी नहीं, यह जानती हूँ मैं। इसलिए कुछ तम्बाकू खा लेने दो। शराब के कुछ घूँट गले के नीचे उतर जाने दो' तो वे भीतर तक काँप गए।


पाकीजा फिल्म निर्माण में सत्रह साल का समय लगा। इस देरी की वजह मीना-कमाल का अलगाव रहा, शायद इसी लिए मीना कुमारी ने कहा था की, "तलाक़ तो दे रहे हो, नज़रें कहर के साथ, जवानी भी मेरी लौटा दो महेर के साथ।" लेकिन मीना जानती थी कि फिल्म पाकीजा कमाल साहब का कीमती सपना है। उन्होंने फिल्म बीमारी की हालत में की। मगर तब तक उनकी लाइफ स्टाइल बदल चुकी थी। आखिर १९५६ में मुहूर्त से शुरू हुई पाकीजा ४ फरवरी १९७२ को रिलीज हुई और ३१- मार्च - १९७२ को मीना कुमारी तमाम बंधनों को पीछे छोड़ तनहा चल दी बादलों के पार अपने सच्चे प्रेमी की तलाश में। और जाते जाते सचमुच सारे जहाँ को तन्हां कर गयीं। जब जिन्दा रहीं सरापा दिल की तरह जिन्दा रहीं। दर्द चुनते रहीं संजोती रहीं और कहती रहीं -



टुकडे -टुकडे दिन बिता, धज्जी -धज्जी रात मिली
जितना -जितना आँचल था, उतनी हीं सौगात मिली


जब चाह दिल को समझे, हंसने की आवाज़ सुनी
जैसा कोई कहता हो, ले फ़िर तुझको मात मिली


होंठों तक आते -आते, जाने कितने रूप भरे
जलती -बुझती आंखों में, सदा-सी जो बात मिली


पाकीजा सुपरहिट रही। अमर हो गए कमाल अमरोही। अमर हो गईं ट्रेजेडी क्वीन मीना कुमारी। मगर कुदरत का एक कमाल शायद उनके जीवन में और आना शेष था तभी तो अपने जन्म के समय पैसे की तंगी का जख्म झेल चुकी  उस तनहा तारिका के पास अस्पताल का अंतिम बिल चुकाने लायक भी पैसे नहीं थे । उस अस्पताल का बिल अदा किया वहाँ के एक डॉक्टर ने, जो मीना का जबरदस्त प्रशंसक था।



No comments:

Post a Comment