Tuesday, 18 September 2012

बाबा तेरी सोन-चिरैया - एक मुलाकात स्वर कोकिला लता मंगेशकर के साथ....!!


१४ सितम्बर हर साल की तरह इस वर्ष भी आया पर आज से १४ सितम्बर २०१२ मेरे जीवन में अमिट और यादगार रहेगा। कभी सोचा नहीं था कि मैं यूँ इस तरह परम वन्दनीय हमारे देश की महान गायिका स्वर कोकिला भारत रत्न सुश्री लता मंगेशकर जी से मिलूँगा...ये मुलाकात यादगार बन गई और बहुत कुछ सिखने को भी मिला... मेरे जैसे अनजान अदने से लेखक जो अभी इस साहित्य की दुनिया से जुड़ने की कोशिश में लगे हैं ...उनके लिए साक्षात सुर की देवी से मिलना ....किसी खूबसूरत सपने के सच होने के समान हैं ।

सच तो यह भी है की इस यात्रा की योजना हमारी राजस्थान धर्म यात्रा ( सलेमाबाद - श्री निम्बार्क पीठ ) के दौरान ही बन गई थी पर मन में शंका थी पता नहीं यह सोभाग्य मिलेगा भी या नहीं पर वरिष्ठ व्यंगकार, शायर, लेखक श्री अजातशत्रु जी और सुमन भाई चौरसिया जिन्होंने "लता दीनानाथ मंगेशकर ग्रामोफोन रिकार्ड संग्रहालय" की स्थापना संगीत के कद्रदानों और शोधार्थियों की हर मुमकिन मदद के उद्देश्य से की है, उनके संग्रहालय में 28,000 से भी अधिक बेशकीमती रिकार्ड हैं के विशेष प्रयासों से माँ सरस्वती तुल्य स्वर कोकिला लता मंगेशकर जी के दर्शन लाभ और सानिध्य का सोभाग्य प्राप्त हुआ इसके लिए उनका जितना भी शुक्रिया किया जाए वो कम हैं। इस यात्रा के दौरान हमारे शहर के हर दिल अजीज और उधोगपति श्री श्याम सुन्दर राठी (श्याम भैया) का सहयोग और मार्गदर्शन भी अकथनीय है।

सो तय कार्यक्रम के अनुसार हम सभी दर्शनार्थी १३ सितम्बर की शाम निकल पड़े हरदा से मुंबई यात्रा पर, रात में मारे ख़ुशी के नींद तो आ नहीं रही थी पर जैसे तैसे सोते सोते कट गई सुबह मुंबई लोकमान्य तिलक स्टेशन पर उतरते उतरते लता जी के दर्शन की हमारी उत्सुकता चरम पर थी एवं लता जी के निवास से २- दफा फ़ोन भी आ गया था, सो बिना समय गंवाए निकल पड़े पेढर रोड, दक्षिण मुंबई के सबसे खास पते पर। इसे अक्सर सोबो यानी साउथ बॉम्बे कहा जाता है, हालांकि आधिकारिक रूप से देश की आर्थिक राजधानी का नाम बदलकर मुंबई हो गया है।

बारिश की मंद बोछारों और मुंबई के चिर परिचित उबाऊ ट्रेफिक से दो चार होते होते हमारी कार 'भगवान् दादा' के घर और हाजी अली दरगाह से होते हुए आखिरकार ५० मिनिट के बाद "प्रभु-कुंज" की पार्किंग में पहुंची, लता जी के विशेष परिकर नीचे ही मिल गए राह देखते सो औपचारिक बातचीत और मेल मिलाप के बाद हम चल पड़े "प्रभु-कुंज" के प्रथम तल पर मुख्य द्वार पर लगी लता जी के हस्ताक्षर की प्रतिकृति "लता मंगेशकर" नाम की पट्टिका सहसा आपको सम्मोहित कर लेती है। गर्मजोशी के साथ स्वागत सत्कार के पश्चात् उस पावन व पवित्र घर में प्रवेश किया, लता जी के मंदिर में विराजमान भगवानो के दर्शन करने के पश्चात् सीधे मुख्य बैठक हाल में  पहुँच गए, कुछ देर के बाद लता जी की छोटी बहन 'मीना ताई' ने हाल में प्रवेश किया और हम सभी से बारी बारी परिचय प्राप्त कर बाते करना प्रारम्भ किया, बातो के दौरान पता चला की लता जी गत २-३ दिवसों से अस्वस्थ है। तथा अभी विश्राम कर रही है सो हमने मीना जी से बातचीत का सिलसिला आगे जारी रखा अजातशत्रु जी के एक सवाल के जबाब में उन्होंने अपनी ससुराल जो की इंदौर के नजदीक 'धार' (म.प्र.) में स्थित है के बारे में चर्चा करते हुए कहा की अब तो मुंबई में ही निवास कर रही है और 'धार' जाना नहीं होता, इन दिनों लता दीदी की अस्वस्थता एवं गणेश उत्सव की तैयारी के चलते वे दीदी के साथ ही है।

मैंने सवाल किया की लता जी ने आशा ताई और उषा ताई के साथ तो कई हिंदी गाने गाए है, क्या आपके साथ भी कोई यादगार गाना है ?

सवाल के जबाब में मीना जी ने बताया की दीदी के साथ उन्होंने ज्यादा हिंदी गाने तो नहीं गाए है पर यादगार गाने के रूप में फ़िल्म 'मदर इण्डिया' फ़िल्म में एक गीत गाया था "दुनिया में हम आये हैं तो जीना ही पड़ेगा" और 'चांदनी चौक' फ़िल्म में एक गीत गाया था।

बातचीत और सत्कार का यह सिलसिला चलता ही रहा, तभी उषा ताई का आगमन हुआ, अजातशत्रु जी ने मेरा और श्याम भाई का परिचय कराया और फिर बातचीत शुरू हो गई उषा ताई ने भी सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा की उन्होंने बताया की हमारे पिता प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक थे व उनकी एक अपनी थियेटर कम्पनी भी थी। उन्होंने ग्वालियर से संगीत की शिक्षा ग्रहण की। दीनानाथ जी ने लता को तब से संगीत सिखाना शुरू किया, जब वे पाँच साल की थी। उनके साथ उनकी बहनें आशा, ऊषा और मीना भी सीखा करतीं थीं। लता अमान अली खान, साहिब और बाद में अमानत खान के साथ भी पढ़ीं। लता मंगेशकर हमेशा से ही ईश्वर के द्वारा दी गई सुरीली आवाज़, जानदार अभिव्यक्ति व बात को बहुत जल्द समझ लेने वाली अविश्वसनीय क्षमता का उदाहरण रहीं हैं। इन्हीं विशेषताओं के कारण उनकी इस प्रतिभा को बहुत जल्द ही पहचान मिल गई थी। जब १९४२ में उनके पिता की मृत्यु हुई तब वे परिवार में सबसे बड़ी थीं इसलिये परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के ऊपर आ गई। अपने परिवार के भरण पोषण के लिये उन्होंने १९४२ से १९४८ के बीच हिन्दी और मराठी की तकरीबन ८ फिल्मों में काम किया। उनकी पहली फिल्म थी 'मंगलागौर' (१९४२) जिसमे उन्होंने स्नेहप्रभा प्रधान की छोटी बहन की भूमिका निभाई थी। उनके पार्श्व गायन की शुरुआत १९४२ की मराठी फिल्म "कीती हसाल" से हुई। परन्तु उस गाने को फिल्म से काट दिया गया, आखिरकार "आप की सेवा में (’४७)" पार्श्व गायिका के तौर पर ब्रेक मिल गया।

एक अन्य सवाल के जबाब में उन्होंने बताया की 'दीदी' ने ऋषिकेष मुखर्जी की "अनुराधा" में पंडित रवि शंकर की धुनों पर गाने गाये और उन्हें काफी तारीफ़ मिली, सिर्फ "ओ.पी. नैय्यर" को छोड़ कर लगभग सभी संगीतकारों और गायकों के साथ ढेरों गाने गाये। बातचीत का सिलसिला टुटा 'लता जी' की सुमधुर वाणी से जब उन्होंने महेश भाई को आवाज लगाई जिस जगह हम बैठे थे उसी के साथ सीधे हाथ पर लता जी का रूम है और संभवत: हमारी बातो से उनकी निद्रा भंग हुई थी इसके बाद हम सभी सिर्फ 'लता जी' की बातों को सुनते रहे और सुनते रहे.. किन शब्दों में बयान करूँ आप लोगों को उस अहसास को क्योकि सुबह से परेशान हूँ पर कोई उपयुक्त शब्द नहीं मिल रहा है।

आगे चर्चा चलते चलते लताजी और उनके गानों पर अजातशत्रु जी के द्वारा लिखित ग्रन्थ पर आ गई; मैं इसे पुस्तक की बजाय ‘ग्रंथ’ इसलिए कह रहा हूं क्योंकि इसमें साढ़े पांच सौ से भी ज्यादा पन्नों में पिरोया गया है लताजी के अस्सी दुर्लभ-गीतों के संसार को। स्वर-पंचमी के पाठक इस बात से सहमत होंगे कि गानों को सुनने का अनुभव ‘दिव्य’ होता है—और यह अनुभव तब और भी विराट हो जाता है, जब कोई इन गानों की विशेषताओं को रेखांकित करे। जब पुस्तक-समीक्षा, फिल्म-समीक्षा और नाट्य-समीक्षा हो सकती है, तो फिर ‘गीत-समीक्षा’ क्यों नहीं हो सकती। पिछले कई सालों से हरदा की माटी के लाल और वर्तमान में मुंबई के लेखक ‘अजातशत्रु’ गीत-समीक्षा करते आए हैं। उनकी समीक्षाएं हमारे संस्कारों का हिस्सा रही हैं। इस ग्रन्थ का नाम है  - ‘बाबा तेरी सोनचिरैया’।  

बाबा तेरी सोनचिरैया शीर्षक महबूब प्रोडक्शंस के बैनर तले 1956 में बनी फिल्म 'आवाज़' से लिया गया था,  जिसके निर्देशक जिया सरहदी थे और गीत शैलेंद्र का था। ज़रा बोलों पर ग़ौर कीजिए —‘बाबा तेरी सोन-चिरैया, जावै अनजाने की नगरिया’। इस गाने के पहले अंतरे की एक पंक्ति है—‘सूने भए पनघट ताल-तलैया’।    

चर्चा का स्वरुप और विराट होता गया मशहूर संगीतकारों खेमचंद प्रकाश, श्याम सुंदर, हुस्नलाल भगतराम, सी. रामचंद्र, सलिल चौधरी, सज्जाद हुसैन जैसे मशहूर नामों के साथ साथ कुछ गुमनाम संगीतकार जैसे अज़ीज़ हिंदी, रमेश नायडू, मधुसूदन आचार्य, शादरूल क्वात्रा, श्याम बाबू पाठक आदि पर विस्तार से चर्चा हुई।

चर्चा को विराम देने के पूर्व अजातशत्रु जी के निर्देशन में एक और 'समीक्षा ग्रन्थ' के प्रस्ताव को सौभाग्य मान सहर्ष स्वीकार मन प्रफुल्लित (बोले तो गदगद :-D ) हो गया ...!! गणेश उत्सव के पश्चात पुनः भेंटवार्ता और बाकी की औपचारिकता पूरी करने की बात कर अब सुबह से जारी उपवास को समाप्त करने का समय हो गया था .. और भोजन भी तैयार था सो बस ..........!! 

लिखना तो और भी बहुत कुछ है पर फिर कभी.. भोजन के बाद आदरणीय S. Chandra Sekhar भाई सा. को फ़ोन कर पूरा वृतांत बताकर मन की बैचेनी को शांत किया, क्योकि आ. भाई सा. ही थे जो यह जानते थे की हम किस कारणवश "मुंबई" प्रवास पर थे उनका मार्गदर्शन हमेशा की तरह इस दफा भी हम पर आशीष के समान खूब बरसा ..!!

No comments:

Post a Comment