Wednesday, 5 September 2012

नर्मदा जल समाधि - सत्याग्रह और तिल तिल मरते गाँव

जीवन दायनी पुण्य सलिला माँ नर्मदा पर बाँध बना कर विकास और प्रगति का ढिंढोरा पीटने वाले जिम्मेदार लोग शायद जमीनी हकीकत से जानबूझकर अनजान बन तमाशबीन बने है .. जब मैं और वरिष्ठ मार्गदर्शक श्री महेश कौशिक ग्राम खरदना पहुंचे तो जो कुछ देखा आपके समक्ष प्रस्तुत है।

मुख्य मार्ग से २०-२५  किलोमीटर अन्दर बसा उक्त गाँव 'खरदना' जो धीरे-धीरे जल मग्न हो रहा है , अज्ञानता और अपने अधिकारों से अनजान ऐसे ग्रामवासियों का यह हाल तो काफी पहले ही निश्चित हो गया था । गाँव में एक अजीब सा मातमी सन्नाटा पसरा था गाँव में, कोई व्यक्ति नज़र नहीं आ रहा था आगे जाकर एक हैंडपंप पर प्रदेश के मामाजी की कुछ भांजिया पानी भर रही थी पूछने पर ज्ञात हुआ की सभी ग्रामवासी टीले पर स्थित धरना स्थल पर है अभी कुछ देर पूर्व ही कलेक्टर साहब आये थे।

धरना स्थल पर जाने का विचार कर आगे बड़े तो गाँव के मध्य तक पंहुच चूका बाँध का पानी रास्ता रोके खड़ा था, पूछने पर पता चला की वैसे तो २-३ नाव है पर आम लोगो और छोटे सरकारी कर्मचारियों के लिए हमारे ही गाँव के मल्लाह का डोंगा एक मात्र साधन है आवागमन के लिए बाकी नाव तो सरकारी साहब लोगो के लिए है। तक़रीबन एक घंटे के बाद डोंगा जो की पास के गाँव बिछोला गया हुआ था वापस आया और हम उस पर सवार हो धरना स्थल की और चल पड़े थोडा आगे चलने पर एक बुजुर्ग ने कहा "बाबूजी पहले इस रस्ते पर चल कर जाते थे देखो प्रभु की लीला अब नाव से जाना पड़ रहा है।" मन में विचार कौंधा क्या वाकई यह प्रभु लीला है ?

बाते करते करते धरना स्थल जो की तक़रीबन १ किलोमीटर अन्दर बीच पानी में था दिखाई देने लगा और हम सकुशल धरना स्थल पर पहुँच गए नाव से उतरते ही नाव चालक ने कहा बाबूजी एक घंटे बाद आऊंगा तब तक आपको रुकना पड़ेगा हमें भी मौका मिल गया सत्याग्रह पर बैठे लोगो से बात करने का। 
==========

हरदा जिला मुख्यालय से तक़रीबन २५ -२६ कि.मी. कि दुरी पर स्थित ग्राम खरदना में खरदना सिराल्या भैसवाड़ा पचोला आदि के ग्रामीण पिछले १० दिनों से जन जल सत्‍याग्रह पर बैठे हैं और उन्‍हें हर पल मौत सता रही है। फिर भी कोई भी अधिकारी चर्चा करने को तैयार नहीं है। इंदिरा सागर परियोजना को साकार करने में जिन्‍होंने अपना अमूल योगदान देकर अपनी जन्‍म भूमि छोड़ दी उन पर एक बार फिर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जब तक इंदिरा सागर परियोजना का 262 मीटर तक भरने के आदेश नहीं हुए थे, तब लोग निश्‍‍चिंत होकर मुआवजा लेकर गुजर-बसर कर रहे थे, लेकिन जैसे ही हाईकोर्ट द्वारा 262 मीटर भरने के आदेश हुए और उसी के साथ ही गांव-गांव में पानी कहर बनकर सामने आया है। पानी रहवासियों के घरों में घुसने लगा है। इसको लेकर अब विस्‍थापितों ने गले-गले पानी में डूबकर अपना आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी के साथ ही आंदोलनकारियों ने एलान कर दिया है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह डूब कर मौत को गले लगा जल समाधि लेंगे। फिलहाल तो इन आंदोलनकारियों के बारे में कोई विचार विमर्श नहीं हो रहा है और विस्‍थापित अपने आंदोलन में अडिग हैं।

हालांकि हर साल बारिश के मौसम में नर्मदा बचाओ आंदोलनकारी जल सत्‍याग्रह पर बैठ जाते हैं। सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। पूर्व मैं भी ऐसे आंदोलन नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेत्री मेघा पाटकर के नेतृत्‍व में राज्‍य में कई बार हुए पर अब मेघा पाटकर ने इस आंदोलन से अपने आपको दूर कर लिया है और उनके समर्थक अब आंदोलन का नेतृत्‍व कर रहे हैं। 

इंदिरा सागर बांध और ओंकारेश्वर बांध के बेक वाटर से प्रभावितों को ग्राम खरदना में गले-गले पानी में लगातार रहते हुए करीब दस दिन होने की आए हैं लेकिन अभी तक समस्या के निराकरण की कोई सूरत नजर नहीं आ रही है। यह जल सत्याग्रह या जल समाधि मध्यप्रदेश सरकार एवं एनएचडीसी द्वारा बिना पुनर्वास बांध का जल स्तर बढ़ाए जाने के विरोध में है। सरकारी हठधर्मिता की इस पराकाष्टा को देखने के बाद एकाएक भारतीय संविधान की प्रस्तावना के पहले तीन शब्द सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय का स्मरण हो आया। शासन, प्रशासन व कंपनी तीनों मिलकर भारतीय संविधान के सर्वाधिक महत्वपूर्ण तीनों भावनाओं के साथ अन्याय कर रहे हैं। 

क्या किसी अन्य लोकतांत्रिक देश में यह संभव है कि किसी राज्य का प्रमुख किसी गांव में जाए और उसे पता चले कि पड़ोसी गांव में प्रलय जैसी स्थितियां है, नागरिक गले-गले तक पानी में डूबे बैठे हुए हैं और वह उनसे बिना मिले ही हवाई मार्ग से वापस आ सकता है? लेकिन मध्यप्रदेश ने इसे संभव कर दिखाया। इससे भी अधिक आश्चर्य इस बात का है कि क्षेत्र के जनप्रिय जनप्रतिनिधि व् विधायक महोदय जिले के रहवासियों को तीर्थ यात्रा करवाने के व्यस्त है पर अपने पुश्तैनी ग्राम जो कि उक्त खरदना ग्राम से मात्र ५ किलोमीटर पूर्व स्थित है आज दिवस तक नहीं गए। प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस की हालत तो इस जिले में इन सत्याग्रहियों से भी ज्यादा दयनीय है सो उसके पदाधिकारियों से किसी प्रकार की आशा बेमानी ही है। दूसरी और कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे एवं एनबीडीए के डिप्टी डायरेक्टर एल.एन.चौहान ने जल सत्याग्रह पर बैठे लोगो से ८ दिनों बाद मुलाकात कर चर्चा कि एवं यह माना कि एनएचडीसी के सर्वे में कैसे और किस तरह भूल हो गई इसे जानने का प्रयास किया जा रहा है जिसकी रिपोर्ट ३ दिनों में तैयार कर शासन को भेज दी जाएगी।          

संविधान की दुहाई देते हुए अचानक प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की ये पंक्तियां याद हो आईं, वे लिखते हैं- न्याय के दो रूप होते हैं, एक दूसरे के लिए, दूसरा अपने लिए। हमारी पूरी व्यवस्था इसी सिद्धांत पर काम कर रही है। सर्वोच्च न्यायालय, म.प्र. उच्च न्यायालय और मध्यप्रदेश शिकायत निवारण प्राधिकरण के निर्देशों और आदेशों की अवहेलना करते हुए इन बांधों में पानी बढ़ाया गया हैं। गौरतलब है कि नर्मदा घाटी में बन रहे बांधों को लेकर स्वीकृत सरकारी पुनर्वास नीति में यह वायदा किया गया है कि डूब प्रभावितों को जमीन के बदले जमीन दी जाएगी। 

अपने को पानी में खड़े होकर गला रहा समुदाय सरकार द्वारा स्वीकृत मुआवजे से न तो एक इंच अधिक भूमि मांग रहा है और न ही अपनी तरफ से कोई नई मांग प्रस्तुत कर रहा है। इस बीच एनएचडीसी इंदिरा सागर व ओंकारेश्वर बांध से विद्युत उत्पादन प्रारंभ कर सैकड़ों करोड़ का लाभ कमा चुकी है लेकिन पुनर्वास की अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी को निभाने की बजाय सरकार की आड़ लेकर लगातार तयशुदा शर्तो की अवहेलना कर रही है। लेकिन मध्यप्रदेश सरकार यह भूल रही है कि उसकी इस हठधर्मिता की देश में एवं वैश्विक प्रतिक्रिया दिनो-दिन तीव्र होती जा रही है। 

वह आंदोलनकारियों और नर्मदा बचाओ आंदोलन को सबक सिखाने की जिद में भूल रही है कि इसी बांध में पुनर्वास को लेकर पहले भी जल सत्याग्रह हो चुका है जिसके दाग आज भी मध्यप्रदेश के माथे से मिटे नहीं हैं। अब दूसरी बार हो रहा सत्याग्रह इस बात की पुष्टि कर रहा है कि पुनर्वास संबंधी प्रावधानों को बरसों-बरस टाला जा रहा है। इस बीच हमें वह घटना भी याद रखना होगी जिसमें बिना सूचना के बांध से पानी छोड़े जाने की वजह से धाराजी में दर्जनों तीर्थ यात्री मारे गए थे।

इस बार भी सत्याग्रहियों के पानी में रहते ओंकारेश्वर बांध के जलस्तर में हुई वृद्धि की न्यायिक जांच की जाना आवश्यक है। गौरतलब है धाराजी वाले मामले में राजस्व विभाग के अधिकारियों की गिरफ्तारी हुई है और उनका कहना है कि हमें सूचना ही नहीं थी तो हम माइक पर उद्घोषणा कैसे करवाते? अगले महीने ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट इंदौर में ही आयोजित हो रही है। सरकार उस दौरान होने वाले समझौतों के लिए अभी से भूमि चिन्हित कर अधिग्रहण कर लेना चाहती है। लेकिन विकास के नाम पर शहीद हुए इन नर्मदा घाटी निवासियों के लिए बरसों बाद भी कृषि भूमि का इंतजाम न हो पाना दिखा रहा है कि सरकार की प्राथमिकताएं क्या हैं? इस अंसंतोष की छाया इस सम्मेलन पर न पड़े, ऎसा होना असंभव है क्योंकि जल सत्याग्रह की गूंज वैश्विक हो गई है। बांधों से बिजली बन रही है और वितरित भी हो रही है। इसके बावजूद विस्थापितों के साथ हो रहा अन्याय संविधान के मूल सिद्धांतों की अवहेलना है।

चर्चा के दौरान सत्याग्रही कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा कि हम पिछले ४ - ५ वर्षों से अपने हक़ की लड़ाई लड़ रहे है पर शासन की अनदेखी और असंवेदनशीलता के चलते आज हम जल समाधि लेने को मजबूर हो गए है। मुआवजा देने एवं विस्थापन के पूर्व ही बाँध में २६२ मीटर तक जल संचय का निर्णय क्या न्यायोचित है ? आगे सभी ने एक स्वर में कहा की  जिसने भी जल स्तर बढ़ाने का निर्णय लिया हो, उन सभी से इतनी सी प्रार्थना है कि वह अपनी व्यस्ततम दिनचर्या से दस घंटे निकालकर अपनी एक अंगुली पानी में डालकर रखे। बाद में बाहर निकालकर उसका मुआयना करे और फिर अपने निर्णय पर पुनर्विचार करे।  


No comments:

Post a Comment