Tuesday, 11 September 2012

संरक्षण की आस में मानव पर - लाडली बछिया


मध्य प्रदेश सरकार की सबसे कामयाब और जनप्रिय "लाडली लक्ष्मी योजना" से उत्साहित प्रदेश के मुखिया और संभवतः देश में सबसे ज्यादा पुण्य कमाने वाले मुख्यमंत्री श्रीमान शिवराज सिंह चौहान की एक नई योजना शीघ्र ही मूर्त रूप लेने वाली है  " लाडली बछिया योजना " इस योजना के अंतर्गत देशी प्रजाति की गायों में से ऐसी गायों को छांटा जाएगा जिन्होंने बछिया को जन्म दिया हो और उसके पालक को ५०० रु. की धनराशी प्रदान कर अनुग्रहित किया जाएगा।


यकीनन इस योजना से गौ वंश को संरक्षित करने का उदेश्य उत्तम व सराहनीय है पर इस अभियान की घोषणा ऐसे वक्त की गई जब की प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में किसान और अन्य ग्रामवासी जल प्लावन और नर्मदा पर बने बांधो की विभीषिका झेल रहे है और इसके विरोध में जल सत्याग्रह कर आंदोलित है। मन मस्तिष्क कल्पना मात्र से कांप जाता है इन आन्दोलनकारियों की सच्चाई जानकार। प्रदेश के मुखिया एक और तो अपने को किसान का बेटा, गाँव का वासी, बच्चों के मामा साबित करने में दिन रात जुटे रहते है वही दूसरी और इन्ही सत्याग्रही ग्रामवासियों और उनके परिवार के कुलदीपकों के भविष्य के साथ पक्षपात का दंश समझ से परे है।


यह बात तो सर्वविदित है की गौ पालन शहरों में तो होने से रहा सो होना तो गाँव में ही है और योजना भी किसानो को ध्यान में रखकर ही बनाई जाएगी तो जब गाँव ही नहीं होंगे तो फिर गौ वंश संरक्षित कहा और कैसे होगा जैसे कई प्रश्न खड़े होते है। मुख्य प्रश्न यह भी है की इस योजना का कितना लाभ वास्तविकता में सुपात्र लोग ले पाएंगे ?


और गहरे में जाने पर पता लगा की गो वंश संरक्षण का यह निर्णय किसी जल्दबाजी में नहीं लिया गया है वरन एक लम्बी प्रक्रिया और शोध के बाद लिया गया है , इस शोध के अनुसार संकर गायों के दूध में बी-2 नामक तत्व होता है जो मनुष्य के स्वास्थ के लिए हानिकारक होता है और इससे तरह तरह की बिमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है जबकि देशी गायों के दूध में बी-1 नामक तत्व होता है जो की स्वास्थ वर्धक माना गया है। बड़ा ही आश्चर्य होता है ये जानकर की जब संकर गायों से प्राप्त दूध इतना हानिकारक है तो फिर अभी तक प्रदेश की सरकार अपने पशु पालन विभाग की सहायता से इन संकर गायों के पालन पर किस वजह से अनुदान देती रही है ? सवाल यह भी खड़ा होता है की जितनी सजगता का प्रमाण सरकार ने गौ वंश संरक्षण योजना के पूर्व इसके सभी पहलुओं पर दिया है वह सरकार नर्मदा पर बने बांधो से होने वाले कुपरिणामो से अभी तक अनजान कैसे बनी रही है ? जबकि इस परियोजना से जुड़े अधिकारी गाहे बेगाहे पूर्व में हुई चूकों को मानवीय चुक का लबादा ओड़ाते आ रहे है।


विदित है की भारतीय परम्परा के अनुसार गाय को माता का दर्जा प्राप्त है , तथा गाय से प्राप्त होने वाले दूध से लेकर गोबर तक सभी तत्वों का अपना अपना महत्व भी है जिनका उपयोग मानव हित में आयुर्वेदिक दवाओं के लिए किया जाता है पर जब प्रदेश में ग्रामवासी जल प्लावन और नर्मदा पर बने बांधो की विभीषिका झेल रही मानव प्रजाति ही संरक्षण की बाँट जोह रही हो तो ऐसे में गौ वंश संरक्षण कितना सार्थक व उचित है।

No comments:

Post a Comment